Srinivas Louis: स्कूल, हाईकोर्ट और दफ्तरों को बम से उड़ाने की एक-दो नहीं 1000 धमकियां दे डाली, अब चढ़ा पुलिस के हत्थे तो खुला बड़ा राज
दिल्ली पुलिस ने श्रीनिवास लुईस को मैसूर से गिरफ्तार किया है, जो फर्जी धमकी भरे मैसेज भेजकर देशभर में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। बतादें आरोपी 1000 से ज्यादा फर्जी धमकी वाले मैसेज भेज चुका है, ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों ने एक एक मैसेज को गंभीरता से लिया और बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पढ़ें पूरी खबर।
Fake Threats India: दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 साल के श्रीनिवास लुईस को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने देशभर के कई सरकारी दफ्तरों, हाईकोर्ट्स और संस्थानों को कुल मिलाकर 1000 से ज्यादा फर्जी धमकी भरे मैसेज भेजे थे। इन धमकियों के जरिए आरोपी श्रीनिवास लुईस दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था।
दिल्ली पुलिस ने कैसे किया गिरफ्तार?
आरोपी जो मैसेज भेजता था वो पूरी तरह से झूठे (Hoax) थे। इनके जरिए आरोपी जानबूझकर पूरे देश में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। दिल्ली पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मैसूर पहुंचकर आरोपी के किराए के घर पर छापा मारा। श्रीनिवास लुईस वहीं रह रहे थे। तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
आरोपी का मकसद क्या था?
फिलहाल दिल्ली पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि श्रीनिवास लुईस अकेला काम कर रहा था या फिर किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। उसका कोई निजी मकसद भी हो सकता है। पुलिस उसके फोन, कंप्यूटर और दूसरे डिवाइस की भी जांच कर रही है।
ऐसे फर्जी धमकी मैसेज सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन जाते हैं। हर मैसेज को गंभीरता से लेना पड़ता है। इसमें समय, पैसे और बड़ी टीम की जरूरत होती है। आम लोगों में भी इससे अनावश्यक भय फैलता है। दिल्ली पुलिस ने साफ कहा है कि ये सभी मैसेज झूठे थे और इनका कोई असली खतरा नहीं था। आरोपी ने देश के अलग-अलग हिस्सों में हाईकोर्ट, सरकारी ऑफिस और संस्थानों को टारगेट किया था। इस मामले में आगे की जांच चल रही है। वहीं, दिल्ली पुलिस की इस सफलता की सराहना हो रही है। अधिकारियों ने कहा कि साइबर माध्यम से फैल रही ऐसी घटनाओं पर सख्त नजर रखी जा रही है। आरोपी को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद और सबूत जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस की यह कार्रवाई साइबर क्राइम के खिलाफ चल रही मुहिम का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें: Redmi Note 15 SE 5G इस दिन होगा भारत में लॉन्च
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 30 March 2026 at 15:40 IST