अपडेटेड 12 February 2026 at 09:51 IST

धनवर्षा का लालच, एक कार और तीन लाशें...पीरागढ़ी मिस्‍ट्री का खुलासा, तांत्रिक ने जहरीले लड्डू खिला की हत्याएं; पहले भी कर चुका है डबल मर्डर

दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में कार के अंदर मिली तीन लाशों का रहस्य सुलझ गया है। पुलिस ने 72 वर्षीय स्वयंभू तांत्रिक कमरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया, जिसने धनवर्षा के लालच में जहरीले लड्डू खिलाकर हत्या की।

Follow :  
×

Share


धनवर्षा का लालच, एक कार और तीन लाशें...पीरागढ़ी मिस्‍ट्री का खुलासा, तांत्रिक ने जहरीले लड्डू खिला की हत्याएं; पहले भी कर चुका है डबल मर्डर | Image: X

दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में कार के अंदर मिली तीन लाशों का रहस्य सुलझ गया है। पुलिस ने 72 वर्षीय स्वयंभू तांत्रिक कमरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया, जिसने धनवर्षा के लालच में जहरीले लड्डू खिलाकर हत्या की। पश्चिम विहार ईस्ट क्षेत्र में 8 फरवरी 2026 को पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक बंद कार में तीन शव बरामद हुए थे।

मृतकों की पहचान रणधीर (72 वर्ष), शिव नरेश (42 वर्ष) और लक्ष्मी (40 वर्ष) के रूप में हुई। आरोपी ने लूट के इरादे से तंत्र-मंत्र का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया और लोनी से लौटते समय जहरीला पदार्थ मिले लड्डू खिला दिए। डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि पीड़ितों ने दो लाख रुपये लेकर तांत्रिक के पास धनवर्षा की विधि के लिए गए थे। कमरुद्दीन ने पहले नकली चमत्कार दिखाकर भरोसा जीता, फिर सल्फास और नींद की गोलियों से लड्डू तैयार कर हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज में उसे कार में चालक के पास बैठे देखा गया ।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

कमरुद्दीन का फिरोजाबाद जिले के थाना मक्खनपुर में दोहरी हत्या का पुराना मुकदमा दर्ज है (अपराध संख्या 105/2025)। 8 मई 2025 को उसने रामनाथ और पुरन को गड़े खजाने का लालच देकर अपने घर बुलाया, जहरीला पदार्थ दिया। अगले दिन फारूकी ग्लास फैक्ट्री के पास उनके शव मिले, साथ में गिलास और लड्डू बरामद हुए।

वादी राम सिंह के प्रार्थना पत्र के अनुसार, आरोपी झाड़-फूंक करता था और जमानत पर रिहा होने के बाद दिल्ली भाग आया। फिरोजाबाद के आकाशवाणी रोड पर बिस्मिल्ला मैरिज होम उसके नाम है, लेकिन स्थानीय लोग कहते हैं वह दिल्ली में रहता था। अपर पुलिस अधीक्षक अनुज चौधरी ने कहा कि उसका पूरा आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

पुलिस को कैसे पता चला जहर वाले लड्डू की बात

पुलिस ने पीरागढ़ी हत्याकांड में जहरीले लड्डू का सुराग सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से लगाया। जांच में कार में चार लोगों की मौजूदगी का पता चला, जबकि शव तीन ही मिले। सीसीटीवी से चौथे व्यक्ति (कमरुद्दीन) की पहचान हुई, जो फ्रंट सीट पर चालक के पास बैठा था और पीड़ित बेहोश होने पर कार छोड़ भागा। मृतकों के मोबाइल फोन से कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेसिंग हुई, जो लोनी के तांत्रिक के घर तक ले गई।

​पोस्टमार्टम में जहर की पुष्टि हुई, विसरा रिपोर्ट से सल्फास और अन्य विषाक्त पदार्थों का पता चला। आरोपी की पूछताछ में कबूलनामा मिला कि उसने तंत्र पूजा के बहाने शराब के साथ जहरीले लड्डू खिलाए थे।

इसे भी पढ़ें- घर छोड़कर अजीत सिंह से विवाह, धर्म परिवर्तन और अब रहस्‍मय मौत...पुलिस ने जलती चिता से खिंचवाई सना की लाश; पोस्‍टमार्टम से खुलेगा राज
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 12 February 2026 at 09:51 IST