अपडेटेड 7 February 2025 at 09:15 IST
BREAKING: दिल्ली-नोएडा के कई स्कूलों को फिर मिली बम की धमकी, सेंट स्टीफन कॉलेज को भी आया मेल; जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली-नोएडा के स्कूलों में एक बार फिर बम की धमकी मिली है। सेंट स्टीफन कॉलेज को भी धमकी भरा मेल आया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Delhi-NCR Bomb Threat: स्कूलों को धमकी मिलने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर दिल्ली-NCR के कई स्कूलों को धमकी भरा मेल आया है। स्कूलों के अलावा नॉर्थ दिल्ली में सेंट स्टीफन कॉलेज को भी धमकी भरा मेल आया है। फिलहाल दिल्ली पुलिस इन धमकियों की जांच में जुट गई है।
देश के अलग-अलग जगहों से आए दिन स्कूलों को धमकी मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। बीते कुछ दिनों में कई बार ऐसा हुआ जब स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
दिल्ली और नोएडा के स्कूलों को मिली धमकी
आज (7 फरवरी) को उस वक्त फिर हड़कंप मच गया जब दिल्ली के स्कूलों को धमकी भरा मेल आया। मयूर विहार फेज 1 के एहलकॉन इंटरनेशनल स्कूल समेत कई स्कूलों को धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। दिल्ली के अलावा नोएडा के स्कूलों को भी धमकी मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार नोएडा के शिव नादर स्कूल को भी गुरुवार सुबह-सुबह धमकी भरा मेल आया। स्कूलों के अलावा एक धमकी भरा मेल नॉर्थ दिल्ली के सेंट स्टीफन कॉलेज को भी आया है।
धमकी भरे मेल के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत सभी छात्रों को घर वापस भेजने का आदेश दिया।
पुलिस को दी गई सूचना
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में बताया कि एहलकॉन इंटरनेशनल स्कूल ने मामले में पांडव नगर के SHO को फोन कर इसकी जानकारी दी। बताया गया कि प्रिंसिपल को आज स्कूल में बम की धमकी के बारे में एक ईमेल आया। यह सूचना 6:40 बजे दी गई। धमकी भरे मेल की जानकारी कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साझा की गई। इसके बाद पूर्वी जिले के बम निरोधक दस्ते को भी सूचित किया गया और SHO पुलिस स्टाफ के साथ स्कूल पहुंचे। बम निरोधक दस्ते का स्टाफ भी स्कूल पहुंचा। उन्होंने डॉग हैंडलर के साथ स्कूल परिसर की जांच की। इस दौरान कुछ भी असामान्य नहीं मिला।
स्कूल नहीं जाना था, इसलिए 9वीं के छात्र ने दी थी धमकी
इससे पहले 4 फरवरी देर रात हेरीटेज स्कूल, स्टेप बाय स्टेप स्कूल, ज्ञानश्री स्कूल और मयूर स्कूल को धमकी भरा मेल मिला था। मामले में बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दरअसल, धमकी देने वाला कोई और नहीं एक 9वीं कक्षा का छात्र ही था। वह स्कूल नहीं जाना चाहता था, इसलिए उसने कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दे दी। उसने गूगल से स्कूलों का मेल निकाला, यूट्यूब पर बम की धमकी देने वाले वीडियो देखे और इसके साथ ही पहचान छिपाने के लिए VPC सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया। छात्र दिल्ली के सरिता विहार का रहने वाला है। पुलिस ने नाबालिग छात्र को न्यायिक संरक्षण में भेज दिया है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 7 February 2025 at 08:35 IST