अपडेटेड 20 February 2025 at 15:32 IST
Rekha Gupta: जींद में जन्म, दिल्ली की मेयर... जानिए कौन हैं रेखा गुप्ता? जो पहली बार की विधायकी में ही बनीं दिल्ली की नई CM
Rekha Gupta Profile: छात्र राजनीति से सत्ता के शिखर तक! शालीमार बाग की विधायक बनने से पहले, उन्होंने DU छात्र संघ की अध्यक्ष बनकर अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की।
Rekha Gupta Profile: 27 सालों के बाद एक बार फिर से देश की राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराया है। 1998 में सुषमा स्वराज के बाद एक बार फिर बीजेपी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए हरियाणा के महिला चेहरे को चुना है। हरियाणा के जींद की रहने वाली रेखा गुप्ता शालीमार बाग विधानसभा सीट से जीतकर पहुंची थीं। ये कोई पहला मौका नहीं है जब बीजेपी ने सीएम के नाम पर मुहर लगाते समय पूरे देश को चौंकाया हो। इसके पहले उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों में बीजेपी ने अचानक ऐसे फैसले लिए हैं। आइए आपको बताते हैं कौन हैं रेखा गुप्ता और कैसा रहा है रेखा गुप्ता का छात्र राजनीति से विधायक बनने तक का सफर?
रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक बनकर आईं हैं और इसके पहले वो दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट संघ की पूर्व अध्यक्ष भी रह चुकीं हैं। रेखा गुप्ता को संगठन में उनकी मजबूत पकड़ और जमीनी कार्यशैली के लिए जाना जाता है। वह दो बार पार्षद रह चुकी हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की सक्रिय सदस्य हैं। रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर उनकी नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। साल 2015 से चुनावी राजनीति में सक्रिय रेखा गुप्ता ने इस बार पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा था। इस तरह से वो पहली बार विधायक बनने के साथ ही मुख्यमंत्री भी बन गईं।
ऐसा रहा है रेखा गुप्ता का सियासी करियर
छात्र राजनीति से लेकर रेखा गुप्ता हमेशा से ही अपने कार्यों से प्रभावशाली नेताओं की सूची में शामिल रही हैं। छात्र राजनीति से लेकर दिल्ली की विधानसभा तक, उन्होंने हर स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत बनाई है। सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर बीते कई दिनों से उनका नाम ट्रेंड कर रहा था। इतना ही नहीं वो दिल्ली की सबसे चर्चित संभावित मुख्यमंत्री उम्मीदवार रही हैं। सोशल मीडिया पर उनके नाम का जिक्र 2,300 से ज्यादा पोस्ट में किया गया, जबकि प्रवेश वर्मा का नाम सिर्फ 1,600 पोस्ट में आया था।
कौन हैं रेखा गुप्ता? जिन्हें मिली दिल्ली की सत्ता
हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव की रेखा गुप्ता का पैदा होने के महज 2 साल के बाद ही अपने पूरे परिवार के साथ दिल्ली में शिफ्ट हो गई थी। रेखा गुप्ता की पूरी पढ़ाई दिल्ली में हुई है। वो 2 बार पार्षद रह चुकी हैं, दिल्ली में RSS की सक्रिय सदस्य हैं। रेखा गुप्ता DU छात्र संघ की अध्यक्ष और सचिव रह चुकी हैं। विधानसभा चुनाव में उन्होंने महिला वोटरों को बड़ी संख्या में अपनी ओर आकर्षित किया। सियासी गलियारों में पहले से उनके मुख्यमंत्री बनने की चर्चा जोरों पर थी साथ ही ये चर्चा भी थी कि दिल्ली को दो डिप्टी सीएम मिल सकते हैं। अब 20 फरवरी को रेखा गुप्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगी।
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 19 February 2025 at 20:32 IST