Delhi-NCR Rains: भारी बारिश से दिल्ली-एनसीआर में हवाई सेवाएं प्रभावित, कई उड़ानें डायवर्ट; एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी

सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने दिल्ली-एनसीआर की रफ्तार पर पूरी तरह से ब्रेक लगा दिया। राजधानी और आसपास के इलाकों में हुई तेज बारिश के बाद सड़कों पर भीषण जलजमाव हो गया, जिससे कई मुख्य मार्गों और अंडरपासों में गाड़ियां पानी में तैरती नजर आईं।

 
Follow :
Delhi-NCR Rains: भारी बारिश से दिल्ली-एनसीआर में हवाई सेवाएं प्रभावित, कई उड़ानें डायवर्ट; एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी | Image: ANI

सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में हुई झमाझम बारिश और तेज आंधी ने शहर की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया। सड़कों पर घुटनों तक भरे पानी और जगह-जगह लगे लंबे ट्रैफिक जाम के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खराब मौसम का सबसे बड़ा असर राष्ट्रीय राजधानी के हवाई यातायात पर देखने को मिला, जहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर दर्जनों उड़ानों के संचालन में बाधा आई।

15 से अधिक फ्लाइट्स डायवर्ट, दर्जनों उड़ानों में देरी

आंधी-तूफान के बीच दृश्यता कम होने के कारण हवाई अड्डे पर उड़ानों की लैंडिंग और टेक-ऑफ बुरी तरह प्रभावित हुए। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कम से कम 15 उड़ानों के रूट बदले गए। हवाई अड्डे के एक अधिकारी के अनुसार, 12 उड़ानों को जयपुर, 2 को चंडीगढ़ और 1 उड़ान को लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया। इसके अलावा, दर्जनों उड़ानों ने देरी से उड़ान भरी और कुछ को पूरी तरह रद्द भी करना पड़ा।

विमानन कंपनियों ने जारी की एडवाइजरी

उड़ानों के प्रभावित शेड्यूल को देखते हुए देश की प्रमुख एयरलाइंस ने अपने यात्रियों के लिए अलर्ट जारी किया है। इंडिगो ने स्थिति  पर नजर बनाए रखने की बात कहते हुए यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले उड़ानों का रियल-टाइम स्टेटस जरूर चेक करें। साथ ही, सड़कों पर लगे भारी जाम को देखते हुए यात्रा के लिए पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर निकलने का आग्रह किया है। वहीं एयर इंडिया ने सोशल मीडिया पर चेतावनी दी है कि दिल्ली आने और यहां से जाने वाली उड़ानों पर मौसम का असर पड़ सकता है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि कर लें।अकासा एयर ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि खराब मौसम की वजह से उनके नेटवर्क की कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। स्पाइसजेट ने भी चेतावनी दी है कि मौजूदा हालात के कारण उड़ानों के आवागमन और कनेक्टिंग फ्लाइट्स में देरी हो सकती है।

IMD का अलर्ट और यात्रियों को सलाह

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली कड़कने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। वहीं, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भी यात्रियों को सलाह दी है कि वे प्रस्थान और आगमन वाले दोनों शहरों के मौसम का हाल जानकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

ये भी पढ़ें - Anushka-Aditya Baby Girls: 35 की उम्र में अनुष्का रंजन बनीं जुड़वा बच्चों की मां, आदित्य ने शेयर की गुड न्यूज; रिवील किए बेटियों के नाम
 

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 24 August 2026 at 20:00 IST