अपडेटेड 12 March 2026 at 08:06 IST
Delhi Ring Metro: अब घंटों का सफर मिनटों में... दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन एक्सटेंशन से जुड़ गया राजधानी का कोना-कोना; इन इलाकों को बड़ा फायदा
Delhi Ring Metro: दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन एक्सटेंशन शुरू होने से दिल्ली का हर कोना आपस में जुड़ गया है। अब 2 घंटे का सफर मिनटों में तय किया जा सकता है।बुराड़ी-जगतपुर जैसे इलाकों को भी डायरेक्ट नोएडा जाने की कनेक्टिविटी मिल रही है ये बड़ी बात है क्योंकि, ये सफर ये करने में 2 घंटे से भी ज्यादा का समय लगता था, जो अब काफी कम हो गया है। जानें पिंक लाइन कैसे दिल्ली की रफ्तार बढ़ा रही है।
Delhi Ring Metro: दिल्ली मेट्रो में नया अध्याय जुड़ चुका है। पिंक लाइन एक्सटेंशन का उद्घाटन होते ही राजधानी की रफ्तार बढ़ गाई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने हाल ही में पिंक लाइन के मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक 12.3 किलोमीटर के एक्सटेंशन को शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 मार्च 2026 को इसका उद्घाटन किया, जो देश की पहली पूरी तरह से काम करने वाली रिंग मेट्रो बन गई है।
इस एक्सटेंशन से पिंक लाइन की कुल लंबाई अब 71.56 किलोमीटर हो गई है, जिसमें 8 नए एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। इस नई लाइन से दिल्ली के आउटर इलाकों जैसे बुराड़ी, झड़ौदा माजरा, जगतपुर, वजीराबाद, सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा और यमुना विहार को बेहतर कनेक्टिविटी दी है।
रिंग लाइन का इस्तेमाल कर यात्री हुए उत्साहित
DMRC के अधिकारियों के अनुसार, यह एक्सटेंशन यमुना पार के इलाकों को दिल्ली के मुख्य हिस्सों से जोड़ता है, ये पब्लिक ट्रांसपोर्ट में क्रांति जैसा है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सटेंशन शुरू होने के दूसरे दिन, मजलिस पार्क स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों में काफी उत्साह देखने को मिला, कई यात्री आजादपुर, नेताजी सुभाष प्लेस, राजौरी गार्डन और साकेत की ओर जा रहे थे, जबकि बुराड़ी और जगतपुर दिशा में कम भीड़ थी। ट्रेनें साफ-सुथरी और फूलों से सजी हुई थीं, जो उद्घाटन की याद दिला रही थीं। बुराड़ी स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों में स्कूल टीचर, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे। एक महिला यात्री ने बताया कि पहले मौजपुर, भजनपुरा, शाहदरा और वेलकम जैसे इलाकों में जाने में 2-3 घंटे लगते थे, लेकिन अब यह समय एक घंटे में बदल गया है।
समय और पैसे की बचत
सोनिया विहार के निवासियों ने मेट्रो से अपने इलाके को देखकर खुशी जताई। यात्रियों का कहना है कि इस एक्सटेंशन से समय की बड़ी बचत हो रही है। पहले बुराड़ी से जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन तक फटाफट सेवा, ग्रामीण सेवा या ई-रिक्शा से जाना पड़ता था। अब सीधे मेट्रो से सफर आसान हो गया है। DMRC के मुताबिक, यह लाइन ट्रैफिक जाम से निजात दिलाएगी और पर्यावरण को भी फायदा पहुंचाएगी।
हालांकि, कुछ स्टेशनों पर काम अभी जारी है। समयपुर बादली स्टेशन पर येलो लाइन से मजलिस पार्क दिशा में लिफ्ट और एस्केलेटर का निर्माण चल रहा है। बुराड़ी स्टेशन पर बाइक और स्कूटर पार्किंग की सुविधा नहीं है, जो स्थानीय निवासियों की लंबे समय से मांग रही है। DMRC ने जल्द ही इन सुविधाओं को पूरा करने का आश्वासन दिया है। कुल मिलाकर रिंग लाइन दिल्लीवालों को बड़ा फायदा दे रही है। यह एक्सटेंशन दिल्ली के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को और भी मजबूत बनाएगा। रिंग मेट्रो से शहर का सर्कुलर नेटवर्क पूरा हो गया है, जिसका इंतजार लंबे समय से था।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 12 March 2026 at 08:06 IST