Delhi Metro Update: दिल्ली मेट्रो के यात्रियों के लिए खुशखबरी, सभी बंद स्टेशन फिर खुले; एंट्री-एग्जिट सेवा बहाल

Delhi Metro: दिल्ली में लगभग एक महीने से जारी विरोध प्रदर्शन के खत्म होने के साथ ही सभी बंद मेट्रो स्टेशन खोल दिए गए हैं। पूरे नेटवर्क पर एंट्री और एग्जिट की सुविधाएं सामान्य रूप से चालू हो गई हैं।

 
Follow :
The restrictions will come under force from 9pm onwards in order to ease overcrowding in Connaught Place. | Image: ANI

Delhi Metro Update: नीट पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन खत्म होने के बाद दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर आई है। सभी मेट्रो स्टेशनों को सुचारु रूप से खोल दिया गया है। इसी के साथ अब यात्री बिना किसी परेशानी के आवाजाही कर सकेंगे।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने रविवार को ऐलान किया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के हरेक स्टेशनों को यात्रियों के लिए खोल दिया गया है। एंट्री और एग्जिट दोनों सेवाएं सामान्य रूप से शुरू कर दी गई है।

सभी मेट्रो स्टेशन खुले रहेंगे

DMRC ने एक्स पर बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशन यात्रियों की सेवा के लिए (आने और जाने, दोनों के लिए) खुले हैं। इससे पहले सेंट्रल दिल्ली के व्यस्त रहने वाले स्टेशनों पर पाबंदियों को धीरे-धीरे करके हटाया गया था।

July 26, 2026

सुरक्षा के लिहाज से बंद थी 18 स्टेशनों की एंट्री

गौरतलब है कि पिछले चार दिनों से दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशनों पर सुरक्षा के मद्देनजर प्रतिबंध लागू थे। इनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केन्द्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली शामिल रहे। मध्य दिल्ली के इन स्टेशनों पर प्रतिबंध के चलते लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद स्थिति सामान्य

डीएमआरसी ने नीट पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर के पास बढ़ते विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से सेंट्रल दिल्ली के कई स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट सेवाओं पर कुछ समय के लिए रोक लगा दी थी। हालांकि, धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सभी प्रदर्शनकारी अपने-अपने घरों की ओर लौट गए हैं। DMRC ने स्थिति सामान्य होते ही मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट सर्विस को खोल दिया है। 

अब उम्मीद है कि दफ्तरों की छुट्टी के बाद यात्रियों को घर लौटने के लिए दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। सड़क यातायात पर भारी भीड़ से राहत मिलेगी। साथ ही मेट्रो से सफर करने वाले लाखों यात्रियों को सेवा का लाभ मिल पाएगा। 

यह भी पढ़ें: PM ने जिम्मेदारी दी है, ईमानदारी से काम करूंगा... शिक्षा मंत्री का जिम्‍मा मिलने के बाद प्रह्लाद जोशी की पहली प्रतिक्रिया, जानिए और क्या बोले?

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 26 July 2026 at 08:51 IST