अपडेटेड 4 February 2026 at 12:21 IST
दिल्ली में इंसानियत शर्मसार, सड़क पर तड़पते शख्स का मोबाइल लेकर फरार हुए स्कूटी सवार; CCTV देख खून खौल उठेगा
दिल्ली के रणहोला इलाके से एक CCTV सामने आया है, जिसमें एक शख्स को मदद की जरूरत होती है लेकिन बीच रास्ते पर कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आता, उल्टा दो लड़के उसका फोन भी उठाकर ले जाते हैं। ये घटना इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली है।
Man Dies on Road in Delhi: दिल्ली के रणहोला थाना इलाके के विकास नगर इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शनिवार तड़के करीब 4 बजे के आसपास एक शख्स अचानक सड़क पर चक्कर खाकर गिर पड़ा और तड़पने लगा। CCTV फुटेज में ऐसा लग रहा है कि उसे दिल का दौरा या मिर्गी का दौरा पड़ा था।
शख्स तड़पता रहा, फोन उठा ले गए लोग
इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। स्कूटी पर पीछे बैठा युवक उतरा और सड़क पर बेसुध पड़े शख्स का मोबाइल फोन उठाकर चला गया। कुछ कदम आगे बढ़ने के बाद वह वापस लौटा और उसकी जेब की तलाशी लेने लगा। जब जेब से कुछ नहीं मिला तो वह फिर से जाने लगा।
किसी ने नहीं की मदद… मौत
तभी उसकी नजर पास में लगे CCTV कैमरे पर पड़ गई। उस वक्त जमीन पर पड़ा शख्स लगातार तड़प रहा था। कैमरा देखकर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। इसके बाद वह शख्स कई घंटों तक सड़क पर ही पड़ा रहा और उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8 बजे जब इलाके के लोग बाहर निकले तो उन्होंने सड़क पर शव पड़ा देखा, इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दोबारा लौटकर जेबें टटोलीं, इंसानियत शर्मसार
वीडियो में देख जा सकता है कि, बेरहम युवक ने तड़पते शख्स को फोन उठाकर रख लिया, इतना ही नहीं। मोबाइल लेकर जाने के बाद कुछ देर बाद दोनों युवक दोबारा मौके पर लौटे और मृतक की जेबें टटोलने लगे, लेकिन कुछ और हाथ नहीं लगा। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों पर नजर पड़ते ही वे घबरा गए और तेजी से वहां से फरार हो गए।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पीड़ित को कोई सहायता नहीं मिली। गंभीर हालत में सड़क पर पड़े व्यक्ति ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ये घटना इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली है। अगर वो दोनों लड़के तड़पके शख्स की मदद करते या उसे अस्पताल पहुंचा देते तो शायद वो इंसान बच सकता था।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर किसी तरह के मारपीट या असॉल्ट के निशान नहीं मिले हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ हो पाएगी। वहीं, पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर स्कूटी सवार युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 4 February 2026 at 12:21 IST