अपडेटेड 21 March 2024 at 21:41 IST
शराब घोटाला की लपटों में झुलसी AAP, सिसोदिया, संजय सिंह के बाद CM अरविंद केजरीवाल सलाखों के पीछे
Delhi Excise Policy Case : दिल्ली में नई आबकारी नीति मामले में ED ने CM अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया है। 2 घंटे तक पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया
Arvind Kejriwal Arrested : दिल्ली के आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन (Money laundering) मामले में प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया कर लिया है। ED ने अरविंद केजरीवाल से करीब दो घंटे तक पूछताछ की और फिर गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली में नई आबकारी नीति लाकर आम आदमी पार्टी ने खुद अपने हाथ जला लिए हैं। आम आदमी पार्टी तथाकथित शराब घोटाले के आरोपों के बाद बड़े जंजाल में फंस चुकी है। शराब घोटाले की लपटों में मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येंद्र जैन जैसे नेताओं के बाद अरविंद केजरीवाल भी गिरफ्तार हो गए हैं। सुरक्षा को देखते हुए 4 कंपनी अर्धसैनिक बल और 100 से अधिक दिल्ली पुलिस के जवानों को ED हेडक्वार्टर और उसके आसपास तैनात किया गया है।
फरवरी में गिरफ्तार हुए सिसोदिया
फरवरी, 2023 में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को लंबी पूछताछ के बाद CBI ने गिरफ्तार कर लिया था। बाद में ED ने भी अपनी तरफ से दर्ज केस में सिसोदिया को गिरफ्तार किया। एक साल से अधिक समय के बाद भी मनीष सिसोदिया जेल से बाहर नहीं आ सके हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया और सिसोदिया की याचिका कई बार खारिज हो चुकी है।
संजय सिंह की गिरफ्तारी
शराब घोटाले में केजरीवाल के बाद पार्टी में दो नंबर की हैसियत रखने वाले मनीष सिसोदिया और तीसरे नंबर के नेता माने जाने वाले संजय सिंह पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। ED ने 4 अक्टूबर को संजय सिंह के घर 10 घंटे की छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार किया और उसके बाद से AAP के राज्यसभा सांसद को अदालत से भी राहत नहीं मिल सकी है। हर सुनवाई में उनकी हिरासत को बढ़ाया गया है।
आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल को ED ने कई बार समन भेजा था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। इससे पहले, दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सुरेश कुमार कैत और न्यायमूर्ति मनोज जैन की पीठ ने मामले में केजरीवाल को दंडात्मक कार्रवाई से कोई संरक्षण देने से इनकार कर दिया था। पीठ ने संरक्षण के अनुरोध संबंधी केजरीवाल की अर्जी को 22 अप्रैल को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। समन को चुनौती देने वाली उनकी मुख्य याचिका पर भी उसी दिन (22 अप्रैल को) सुनवाई होगी।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 21 March 2024 at 21:41 IST