दिल्‍ली में दिवाली से पहले PLA का आतंकी गिरफ्तार, पहचान बदल कर रह रहा था 1 लाख का इनामी, क्राइम ब्रांच ने ऐसे किया गिरफ्तार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पूर्वोत्तर के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के एक वांछित आतंकी को गिरफ्तार किया है।

 
Follow :
दिल्‍ली में दिवाली से पहले PLA का आतंकी गिरफ्तार, पहचान बदल कर रह रहा था 1 लाख का इनामी, क्राइम ब्रांच ने ऐसे किया गिरफ्तार | Image: X

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पूर्वोत्तर के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के एक वांछित आतंकी को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की विशेष क्राइम ब्रांच की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई करते हुए आरोपी को दक्षिण दिल्ली इलाके से धर दबोचा। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किया गया मिलिटेंट लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचकर फरार चल रहा था और अपनी पहचान बदलकर दक्षिण दिल्ली के एक गुप्त ठिकाने पर छिपा हुआ था।

क्राइम ब्रांच को उसके दिल्ली में छिपे होने के पुख्ता इनपुट मिले थे, जिसके बाद जाल बिछाकर उसे दबोच लिया गया। जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी मणिपुर के थौबल थाने में दर्ज गंभीर मामलों में मुख्य रूप से वांटेड था। आरोपी के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम यानी UAPA (Unlawful Activities Prevention Act) और अन्य कई संगीन धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

एक लाख रुपये का था इनाम

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए इस कुख्यात अपराधी पर पहले से ही एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह काफी समय से वांछित चल रहा था। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा इस मामले में और अधिक विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा किए जाने का इंतजार किया जा रहा है।

दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम अब मणिपुर पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह दिल्ली में किस मकसद से छिपा था और क्या राजधानी या आसपास के इलाकों में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की योजना थी या नहीं।

इसे भी पढ़ें- UP: बेटी की मौत के बाद बढ़ी नजदीकियां, फिर प्‍यार में सारी हदें पार...बीमार पति को छोड़ दामाद संग फरार हुई सास, घर में गड़ा सोना भी खोद ले गई

 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 6 November 2026 at 13:17 IST