अपडेटेड 6 April 2025 at 09:24 IST

मनजिंदर सिरसा के हाथ में स्टीयरिंग, बगल में बैठी CM रेखा और पीछे सारे मंत्री... जब एक कार में निकली दिल्ली की पूरी कैबिनेट

दिल्ली में शनिवार को रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पूरी कैबिनेट एक कार में सवार होकर गई। कार को खुद मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा चला रहे थे।

Follow :  
×

Share


दिल्ली में रेखा गुप्ता ने सभी मंत्रियों के साथ एक कार में सफर किया. | Image: X

Delhi News: दिल्ली की सड़क पर पिछले दिन एक दिलचस्प नजारा देखा गया। मौका दिल्लीवासियों के लिए बड़े तोहफे का था, जिसकी शुरुआत आयुष्मान भारत योजना के साथ हुई थी। कार्यक्रम तय था और तय कार्यक्रम के अनुसार ही दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत कर दी गई। दिल्ली के लिए 6 साल 6 महीने और तकरीबन 13 दिन बाद ये मौका आया था, जिससे अब आयुष्मान योजना का लाभ यहां की जनता को मिलेगा। खैर इससे अलग बात ये है कि इस योजना की शुरुआत से बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी पूरी कैबिनेट एक कार से सफर कर रही थी।

दिल्ली में शनिवार को रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पूरी कैबिनेट एक कार में सवार होकर गई। कार को खुद मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा चला रहे थे और उनके बगल वाली सीट पर आगे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बैठी हुई थीं। पिछली सीट पर प्रवेश वर्मा- कपिल मिश्रा और दूसरे मंत्री बैठे हुए थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद सोशल मीडिया पर ये वीडियो शेयर किया, जिसमें सारे मंत्री विक्ट्री साइन दिखा रहे थे। रेखा गुप्ता ने 'X' पर लिखा- 'आज मैं और मेरी कैबिनेट के साथी, एक साथ, एक ही गाड़ी में, आयुष्मान भारत योजना के दिल्ली में क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार के साथ महत्वपूर्ण समझौते के लिए गए। ये एक सुखद अनुभव रहा।'

दिल्लीवासियों को मिलेगा आयुष्मान का लाभ

दिल्ली में पहले आम आदमी पार्टी की सरकार होने पर केंद्र की इस योजना को लागू नहीं किया गया था। हालांकि हाल ही के दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को हार मिली और 27 साल बाद बीजेपी को सरकार बनने का मौका मिला। अपने शुरुआती फैसले में बीजेपी सरकार ने आयुष्मान योजना को लागू करने का वादा पूरा किया। लोगों को हार्दिक बधाई देते हुए दिल्ली की सीएम गुप्ता कहती हैं कि आयुष्मान योजना दिल्ली में लागू हो गई है और दिल्ली के लोगों को आखिरकार वो मिल रहा है, जिसका वो हकदार हैं। मैं इसके लिए केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देती हूं।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने घोषणा की कि दिल्ली में लाभार्थियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 10 अप्रैल से शुरू होगी। उन्होंने लोगों से कहा कि पिछली सरकार ने इस योजना को दिल्ली में लागू नहीं होने दिया। 10 अप्रैल से इस योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी। दिल्ली के मंत्री ने कहा कि पिछले 10 साल में बर्बाद हुए बुनियादी ढांचे को ठीक करने की जरूरत है और हम यही कर रहे हैं।

यह भी पढे़ं: 'सही जगह बटन दबता है तो आयुष्मान भारत निकलता है, वर्ना दवा की जगह दारू'
 

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 6 April 2025 at 09:21 IST