सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली के खिलाड़ियों को दिया बड़ा तोहफा, मिलेगी 2000 रुपये प्रति महीने की आर्थिक सहायता, जानें ‘मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना’
सीएम रेखा गुप्ता ने ‘मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना’ का ऐलान किया है जिसमें युवा खिलाड़ियों को 2,000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
- भारत
- 4 min read
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने राजधानी में जमीनी स्तर से खेल प्रतिभाओं को तराशकर उन्हें उच्च स्तर की खेल प्रतिस्पर्धाओं तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक बैठक हुई जिसमें ‘मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना’ (MKPY) के अंतर्गत ‘ग्रासरूट ट्रेनिंग सपोर्ट असिस्टेंस’ शुरू करने को स्वीकृति दी गई।
इस योजना के तहत अब दिल्ली सरकार के स्पोर्ट्स सेंटर और स्टेडियम में नियमित रूप से प्रशिक्षण लेने वाले पात्र युवा खिलाड़ियों को 2,000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक कारणों से प्रशिक्षण में आने वाली रुकावटों को दूर करना और युवा प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से ही निरंतर प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराना है।
युवा प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि नई सहायता योजना ‘मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना’ के दायरे को जमीनी स्तर तक विस्तारित करती है। शुरुआती वर्षों में खिलाड़ियों को पोषण, स्थानीय आवागमन, छोटे खेल उपकरण और चिकित्सा जैसी जरूरतों पर नियमित खर्च करना पड़ता है। ऐसे में 2,000 रुपये की मासिक सहायता उन्हें अपने प्रशिक्षण को निरंतर जारी रखने में मदद करेगी। इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के प्रशिक्षण से बाहर होने की संभावना कम होगी और दिल्ली के सरकारी स्पोर्ट्स सेंटर और स्टेडियम जमीनी स्तर पर प्रतिभा विकास के मजबूत केंद्र के रूप में विकसित होंगे।
नई व्यवस्था के अंतर्गत प्रत्येक सरकारी स्पोर्ट्स सेंटर या स्टेडियम में नियमित रूप से नामांकित प्रशिक्षुओं में से अधिकतम 25 प्रतिशत तक पात्र खिलाड़ियों को सहायता दी जाएगी। सामान्य स्थिति में किसी एक स्टेडियम या सेंटर में अधिकतम 100 खिलाड़ी इसके दायरे में होंगे। अधिक संख्या में प्रशिक्षुओं वाले बड़े स्टेडियमों में बजट की उपलब्धता के आधार पर यह सीमा बढ़ाकर 150 खिलाड़ियों तक की जा सकती है।
इस योजना का लाभ अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-21 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को मिलेगा। लाभार्थियों का चयन केवल आर्थिक आवश्यकता के आधार पर नहीं, बल्कि खेल प्रदर्शन एवं संभावनाओं, नियमित उपस्थिति व अनुशासन तथा आर्थिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। पात्र खिलाड़ियों के लिए नियमित नामांकन और कम से कम 80 प्रतिशत उपस्थिति सहित निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करना आवश्यक होगा।
ऐसे होगा चयन
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि लाभार्थियों के चयन की एक व्यवस्थित प्रक्रिया होगी और उनके प्रदर्शन, उपस्थिति तथा अनुशासन की हर तिमाही समीक्षा की जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि सहायता वास्तव में उन युवा खिलाड़ियों तक पहुंचे, जो नियमित रूप से प्रशिक्षण ले रहे हैं और खेलों में आगे बढ़ने की क्षमता रखते हैं। यह नई पहल ‘मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना’ की मौजूदा व्यवस्था को और व्यापक बनाती है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान ट्रेनिंग सपोर्ट मॉड्यूल के अंतर्गत स्कूल स्तर के शीर्ष रैंक वाले खिलाड़ियों को कोचिंग, उपकरण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी, पोषण और प्रशिक्षण से जुड़ी अन्य जरूरतों के लिए 5 लाख रूपये प्रति वर्ष तक की सहायता दी जाती है। वहीं दिल्ली और भारत का उच्चतम स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले एलीट खिलाड़ियों को 20 लाख रुपये प्रति वर्ष तक की सहायता मिल सकती है।
पार्टिसिपेशन सपोर्ट के तहत मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने से जुड़े पात्र खर्च के लिए प्रति खिलाड़ी 2 लाख रुपये तक की प्रतिपूर्ति का प्रावधान है। अचीवमेंट रिकॉग्निशन के अंतर्गत राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को निर्धारित नकद प्रोत्साहन दिया जाता है।
खेल संस्कृति होगी विकसित
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रतिभा की पहचान और उसका शुरुआती स्तर से लगातार विकास जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में मजबूत, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार खेल संस्कृति विकसित करने तथा युवा शक्ति की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर लगातार जोर दिया है।
दिल्ली के शिक्षा और खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हमारे युवा खिलाड़ियों को केवल अवसर और आवश्यक सहयोग की आवश्यकता है। इस निर्णय के माध्यम से हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपने खेल के सपने को अधूरा छोड़ने के लिए मजबूर न हो। यह एक मजबूत खेल-समृद्ध दिल्ली के निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है।
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 11 September 2026 at 23:44 IST