Delhi: सड़क पर जा रही थी महिला, बाइक सवार स्नैचर ने छीनी चेन; महिला ने खूब बहादुरी से किया मुकाबला लेकिन बदमाश चाकू मार फरार; CCTV
दिल्ली से एक बार फिर दिन दहाड़े स्नैंचिंग की घटना सामने आई है। सीआर पाार्क इलाके में एक महिला की गले की चेन खींचकर आरोपी फरार हो गए, इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। CCTV में देखिए कैसे खींची गई चेन।
CCTV Chain Snatching: राजधानी दिल्ली में स्नैचिंग की घटनाएं अब आम बात हो चुकी है, आरोपियों में इस बात का कोई खौफ नहीं बचा है, तभी सिर्फ हेलमेट पहनकर दिन दहाड़े कोई भी अपराधी बड़े ही आसानी से छीना-झपटी, चोरी और स्नैचिंग जैसी वारदात को अंजाम देने की हिम्मत रख पाते हैं। दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल उठे हैं। ताजा मामला दिल्ली में साउथ डिस्ट्रिक्ट के सीआर पार्क इलाके का बताया जा रहा है। पुलिस ने पूरी घटना का CCTV भी निकाल लिया है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
घटना रविवार (29 मार्च) को शाम करीब 4 बजे की है, जब 2 बाइक सवार बदमाश एक महिला को निशाना बनाते हैं। महिला सड़क पर साइड में चल रही थी, एक आरोपी बाइक से उतरकर महिला की चेन छीनने की कोशिश करता है। लेकिन महिला हिम्मत दिखाते हुए विरोध करती है। इतने में आरोपी महिला पर चाकू से हमला करते हुए महिला की चेन खींचकर ले जाता है। इस हमले से महिला को हल्की चोटें आती हैं। आस-पास खड़े लोग भी ये हरकत देख रहे होते हैं। सरेआम राजधानी में महिला के गले से चेन छीन ली जाती है, लेकिन कोई उसकी मदद नहीं कर पाता, हो सकता है लोग बदमाशों के पास धारदार चाकू देखकर डर गए हों, लेकिन महिला ने अकेले ही विरोध किया और बदमाशों के चंगुल से छुटने की कोशिश की, लेकिन आरोपी इतने शातिर थे कि, चेन लेने के बाद तुरंत वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने खंगाले CCTV
घटना के बाद महिला खुद से पास के अस्पताल पहुंची और वहां अपना इलाज करवाया, कुछ देर बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई, इसके बाद महिला ने पुलिस को फोन किया और इस घटना की जानकारी दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर सीआर पार्क थाने में मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू की, जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले CCTV खंगालने शुरू किए, जिससे ये वीडियो सामने आ सकी। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।
वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
पुलिस ने CCTV से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान की और बाइक को कुछ ही देर में बरामद कर लिया। इसके बाद अब आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने कुछ टीमें बनाई है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 30 March 2026 at 21:01 IST