BRICS Summit 2026: दिल्ली में BRICS समिट की रिहर्सल शुरू, 35 से ज्यादा रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन; ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ब्रिक्स समिट 2026 के मद्देनजर कारकेड रिहर्सल के लिए 5 सितंबर को एक महत्वपूर्ण ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक राष्ट्रीय राजधानी की 35 से अधिक प्रमुख सड़कें और मार्ग प्रभावित रहेंगे।

 
Follow :
BRICS Summit 2026: दिल्ली में BRICS समिट की रिहर्सल शुरू, 35 से ज्यादा रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन; ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी | Image: ANI

राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर 2026 के दौरान प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले  BRICS शिखर सम्मेलन 2026 की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। इस वैश्विक महाकुंभ में भाग लेने वाले विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और VVIP प्रतिनिधिमंडलों की सुरक्षा और उनकी सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा शनिवार, 5 सितंबर 2026 को एक बड़ा 'मोटर कारकेड रिहर्सल' (Motor Carcade Rehearsal) आयोजित किया जा रहा है। इस पूर्वाभ्यास के कारण शहर की यातायात व्यवस्था में आंशिक बदलाव किए गए हैं।

समय और प्रभावित क्षेत्र का रखें ध्यान

ट्रैफिक रिहर्सल के चलते सुबह 10:00 बजे से दोपहर 4:00 बजे तक लुटियंस दिल्ली, मध्य दिल्ली और दक्षिण दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों और चौराहों पर यातायात भारी रूप से प्रभावित रहेगा। स्थिति से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने 22 मुख्य स्थानों पर विशेष डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं, जबकि 35 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को सख्ती से नियंत्रित किया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय के दौरान इन मार्गों से बचने का प्रयास करें।

जानें कौन-कौन सी सड़कें और मार्ग होंगी प्रभावित? 

इस रिहर्सल के दौरान जिन प्रमुख मार्गों पर वाहनों की गति नियंत्रित रहेगी।, उनमें सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, मथुरा रोड, सी-हेक्सागन, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, मोती लाल नेहरू मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एनक्लेव रोड और लाल बहादुर शास्त्री मार्ग प्रमुख रूप से शामिल हैं।

प्रमुख डायवर्जन पॉइंट के  बारे में जानें

आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 22 रणनीतिक डायवर्जन पॉइंट तय किए हैं। 
डब्ल्यू-पॉइंट (डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक)- यहां मथुरा रोड और तिलक मार्ग की तरफ ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों को बीएसजी मार्ग, आईपी मार्ग या दिल्ली गेट की ओर मोड़ा जाएगा।
ए-पॉइंट (राम चरण अग्रवाल चौक)- यहां कॉमर्शियल वाहनों को डब्ल्यू-पॉइंट की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
मीर दर्द चौक- महाराजा रणजीत सिंह मार्ग के स्थान पर मिर दर्द मार्ग और डीडीयू मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
कनॉट प्लेस और कस्तूरबा गांधी मार्ग- सी-हेक्सागन की ओर जाने वाले ट्रैफिक को आउटर सर्किल के वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।
धौला कुआं व मोती बाग फ्लाईओवर- रिंग रोड का उपयोग करें या वंदे मातरम मार्ग की तरफ डायवर्ट हों।
रिंग रोड / भैरों रोड- भैरों मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी; वाहन सराय काले खां या राजघाट होकर निकलें।

आम यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस की महत्वपूर्ण सलाह

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।  
लुटियंस दिल्ली, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री सड़क मार्ग के बजाय दिल्ली मेट्रो का अधिक से अधिक उपयोग करें।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जाने वाले यात्री अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें या एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का इस्तेमाल करें।
नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी वाहन को सड़क किनारे पार्क करने की सख्त मनाही है। नियम तोड़ने वाले वाहनों को क्रेन से उठा लिया जाएगा।
एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन व आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को बिना किसी रुकावट के प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा।

September 4, 2026

ये भी पढ़ें - सहारनपुर में बुलडोजर एक्शन, कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को किया जा रहा ध्वस्त; कोर्ट के आदेश के बाद हुई कार्रवाई

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 5 September 2026 at 10:13 IST