BREAKING: झंडेवालान में लगी भीषण आग, धू-धू कर जली अनारकली बिल्डिंग; कई गाड़ियां भी जलकर खाक
दिल्ली के झंडेवालान में स्थित अनारकली बिल्डिंग से आग लगने की घटना सामने आई है। यहां के डीडीए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स आग का तांडव देखने को मिला है।
Delhi: दिल्ली के झंडेवालान में स्थित अनारकली बिल्डिंग से आग लगने की घटना सामने आई है। यहां के डीडीए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स आग का तांडव देखने को मिला है। मौके पर दमकल की गाड़ियां और पुलिसकर्मी मौजूद हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अनारकली बिल्डिंग और डीडीए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स झंडेवालान में आग लग गई। इस दौरान पूरी बिल्डिंग धू-धूकर जलती दिखी। आग देखते ही देखते इतनी फैल गई कि आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। जानकारी है कि आग की लपटें इतनी भयंकर है कि आस-पास खड़ी कुछ गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं।
लोगों की भीड़ जुटी
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि आग लगने की घटना के बाद आस-पास लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई है। सूचना मिलने के बाद फायर टेंडर मौके पर मौजूद है और आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है। मौके पर पुलिस की टीम मौजूद है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
एक दिन में कई जगह लगी भीषण आग
गर्मी का मौसम शुरू होते ही देश के अलग-अलग जगहों से आग लगने की घटनाएं बढ़ती दिख रही है। 1 अप्रैल को दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, गुजरात तक आग का तांडव देखने को मिला है। ऐसी ही एक घटना नोएडा से सामने आई है। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अट्टा मार्केट में आग लगने से हड़कंप
नोएडा की पॉपुलर अट्टा मार्केट के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स कृष्णा प्लाजा में आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर आग लगने की घटना हुई। इसके बाद कई लोग कॉम्पलेक्स के अंदर फंस गए। इसके बाद अपनी जान बचाने के लिए लोगों को कॉम्प्लेक्स का शीशा तोड़ना पड़ा। कुछ लोगों ने रस्सी की मदद से कूदकर अपनी जान बचाई। ज्वाइंट सीपी शिव हरि मीणा ने बताया कि बिल्डिंग में मौजूद लगभग सभी लोगों को रेसक्यू कर लिया गया है। जिन्हें अस्वथ महसूस हो रहा था उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना है जिसकी पुष्टि की जा रही है।
पटाखा फैक्ट्री में आग का तांडव
इसके अलावा गुजरात के बनासकांठा में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भी आग लग गई। ब्लास्ट के कारण स्लैप गिर जाने से काफी लोग (फैक्ट्री के) अंदर फंस गए थे जिसमें अबतक 18 लोगों की जान चली गई है। वहीं लगभग 4 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बनासकांठा SP अक्षयराज मकवाना ने कहा कि घटना में 18 लोगों की मृत्यु हो गई है। स्लैब के ढह जाने से लोगों की मृत्यु हुई है। हमने FIR दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यूपी के प्रयागराज में BSNL कार्यालय परिसर के पीछे आग लगने की अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 1 April 2025 at 15:40 IST