BREAKING: दिल्ली-NCR में छाया अंधेरा, धूल भरी आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू, कई इलाकों में गिरे ओले
दिल्ली-एनसीआर में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। कई इलागों में बड़े-बड़े ओले गिर रहे हैं। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो रही है, जिससे दिल्ली-NCR के लोगों के चेहरे खिल उठे। जानें कैसा रहे आने वाले दिनों का हाल? पढ़ें IMD का ताजा अपडेट।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में इस वक्त झमाझम बारिश हो रही है। भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे दिल्ली-NCR के लोगों के चेहरे खिल उठे। साथ ही ओलावृष्टि ने भी सभी को चौंका दिया। राजधानी के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर और यमुना विहार जैसे इलाकों में बड़े-बड़े ओले गिरने की खबर है।
मौसम विभाग ने जारी किया था अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। कुछ घंटे पहले भी चेतावनी दी गई थी कि, अगले कुछ घंटों तक दिल्ली के दिलशाद गार्डन, शाहदरा, कश्मीरी गेट, आईटीओ और इंडिया गेट समेत कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई थी।
मौसम विभाग ने दिल्ली के कुछ इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी है। सीलमपुर, यमुना विहार, विवेक विहार और प्रीत विहार, लाजपत नगर, कालकाजी, तुगलकाबाद और नेहरू स्टेडियम, सिविल लाइंस और कश्मीरी गेट इलाकों में ओलो से सर्तक रहने की सलाह दी गई है।
तापमान में गिरावट से मिली राहत
इस अचानक हुई बारिश और आंधी की वजह से दिल्ली के तापमान में यकीनन गिरावट दर्ज की जाएगी। आज का अधिकतम तापमान 39°C के आसपास था, जो पिछले कुछ दिनों की तुलना में कम है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव एक सक्रिय 'पश्चिमी विक्षोभ' (Western Disturbance) के कारण हुआ है, जिसका असर पूरे उत्तर भारत पर दिखेगा।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 और 2 मई को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन तापमान फिर से 41 डिग्री तक पहुंच जाएगा। हालांकि, 3 मई को एक बार फिर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 30 April 2026 at 16:02 IST