अपडेटेड 16 June 2024 at 12:11 IST
दिल्ली के पास पर्याप्त पानी फिर बूंद-बूंद के लिए क्यों तरस रहे लोग? बांसुरी स्वराज ने बताई बड़ी वजह
BJP सांसद बांसुरी स्वराज ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर दिल्ली सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
Delhi Water Crisis: एक तो गर्मी से बुरा हाल, ऊपर से पानी के बूंद-बूंद के लिए मार। जी हां, देश की राजधानी दिल्ली में अभी यही स्थिति है। रविवार को दिल्ली में पानी संकट को लेकर दिल्लीवासी सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। महिलाएं खाली मटका फोड़कर अपने गुस्से को जाहिर कर रही है। नई दिल्ली से बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने पानी संकट पर बड़ा बयान दिया है।
बांसुरी स्वराज ने क्या कहा?
BJP सांसद बांसुरी स्वराज ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर दिल्ली सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, ''यह प्राकृतिक संकट नहीं है यह ऐसा बनावटी संकट है जो AAP की सरकार ने बनाया है। दिल्ली के पास पर्याप्त पानी है। हरियाणा एग्रीमेंट से ज्यादा पानी छोड़ रहा है। 1 दशक के शासन में AAP की सरकार ने वो जल बोर्ड जो 2013 में 600 करोड़ के मुनाफे में था उसको 73 हजार करोड़ के घाटे में लाकर खड़ा कर दिया। इन्होंने 1 दशक से दिल्ली जल बोर्ड में कोई मरम्मत का काम नहीं किया।"
राष्ट्रीय राजधानी में गंभीर जल संकट के बीच, दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने शहर की पुलिस को एक पत्र लिखकर संभावित तोड़फोड़ के प्रयासों के खिलाफ अपनी पाइपलाइनों की सुरक्षा की मांग की है। आतिशी ने दावा किया कि दिल्ली जल बोर्ड की गश्ती टीम को कई स्थानों पर पाइपलाइनों में तोड़फोड़ के निशान मिले हैं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा को लिखे पत्र में, आतिशी ने लिखा: "मैं अगले 15 दिनों के लिए हमारी प्रमुख पाइपलाइनों की गश्त और सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती का अनुरोध कर रही हूं ताकि शरारती तत्वों या गलत इरादों वाले लोगों को पानी की पाइपलाइनों से छेड़छाड़ करने से रोका जा सके। यह दिल्ली की जीवन रेखा बन गई है। इस समय कोई भी बेईमानी और तोड़फोड़ दिल्ली के लोगों के सामने पहले से ही मौजूद पानी की कमी को और भी बदतर बना देगी।
'पानी संकट के जिम्मेदार केजरीवाल'
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जल संकट के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप सरकार जिम्मेदार हैं। उन्होंने इस संकट के लिए पानी की चोरी और बर्बादी को जिम्मेदार ठहराया। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि उन्हें पानी के टैंकरों के लिए डीजेबी अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए मजबूर किया गया है।
इसे भी पढ़ें: जम्मू से होगा आतंक का सफाया, NSA डोभाल-RAW चीफ के साथ अमित शाह मेगा प्लान पर करेंगे मिटिंग
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 16 June 2024 at 12:11 IST