अपडेटेड 17 November 2024 at 18:25 IST
किसे मिलेगी कैलाश गहलोत के विभागों की जिम्मेदारी? उपराज्यपाल के पास पहुंचा इस नेता का प्रस्ताव
कैलाश गहलोत के विभागों की जिम्मेदारी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। इसको लेकर मुख्यमंत्री आतिशी ने उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को प्रस्ताव भेजा है।
Kailash Gahlot Resigns: दिल्ली में विधानसभा चुनाव को कुछ ही महीने बचे हैं। उससे पहले दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी के पुराने नेता कैलाश गहलोत ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दिल्ली सरकार के मंत्री पद को भी छोड़ दिया है। अब सवाल ये है कि कैलाश गहलोत के पास जो विभाग थे, उनकी जिम्मेदारी किसे दी जाएगी?
कैलाश गहलोत के विभागों की जिम्मेदारी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के मुताबिक कैलाश गहलोत के सारे विभाग दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना के पास रहेंगे। इसको लेकर मुख्यमंत्री आतिशी ने उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को प्रस्ताव भेजा है। दिल्ली के परिवहन, प्रशासनिक सुधार, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, गृह और महिला एवं बाल विकास मंत्री कैलाश गहलोत ने आज मंत्रिपरिषद और पार्टी से अपना इस्तीफा दे दिया। अब ये सभी विभाग सीएम आतिशी के पास ही रहेंगे।
इस्तीफे में शीशमहल का जिक्र
दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के लिए कैलाश गहलोत का इस्तीफा बड़ा झटका है। अरविंद केजरीवाल को लिखे अपने इस्तीफे में गहलोत ने पार्टी के सामने मौजूद गंभीर चुनौतियों की ओर इशारा किया। गहलोत ने केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए शीशमहल जैसे कुछ विवादों को भी उठाया और कहा कि इससे सभी को संदेह होता है कि क्या हम अब भी खुद को आम आदमी मानते हैं। गहलोत ने शीशमहल विवाद का जिक्र बीजेपी नेताओं के उस आरोप में जिसमें जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि केजरीवाल ने 6 फ्लैगस्टाफ रोड स्थित अपने पूर्व आधिकारिक आवास पर महंगी चीजों और आधुनिक सुविधाओं पर करोड़ों खर्च किए हैं। बीजेपी ने केजरीवाल के आवास को 'शीशमहल' कहा था।
AAP नेताओं ने लगाया BJP पर आरोप
नजफगढ़ से विधायक गहलोत ने तत्काल प्रभाव से मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। आप नेताओं ने कहा कि गहलोत ED और CBI के मामलों का सामना कर रहे हैं और उनके पास बीजेपी में शामिल होने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बीजेपी की घिनौनी राजनीतिक साजिश है और वह ED और CBI का दुरुपयोग करके दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतना चाहती है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 17 November 2024 at 18:07 IST