दिल्ली के फाइव स्टार होटल में मिली एयर इंडिया के पायलट की लाश, बोइंग 787 विमान की ट्रेनिंग के लिए आए थे कैप्टन सनी असलदेकर
दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज में एक होटल के कमरे में एयर इंडिया के एक पायलट कैप्टन सनी असलादेकर मृत पाए गए। पुलिस ने मौत के हालात जानने के लिए जांच शुरू कर दी है। इसके साथ अधिकारियों ने यह भी बताया है कि मौत की वजह का पता लगाने के लिए ऑटोप्सी रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।
- भारत
- 2 min read
दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज में एक होटल के कमरे में एयर इंडिया के एक पायलट कैप्टन सनी असलादेकर मृत पाए गए। पुलिस ने मौत के हालात जानने के लिए जांच शुरू कर दी है। इसके साथ अधिकारियों ने यह भी बताया है कि मौत की वजह का पता लगाने के लिए ऑटोप्सी रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूर्व पायलट ने 10 सितंबर को 'द ग्रैंड' होटल में चेक-इन किया था। अधिकारियों ने बताया कि वे राजधानी में विमान बोइंग 787 की कन्वर्ज़न ट्रेनिंग के लिए आए थे।
शुक्रवार को पायलट के भाई ने उन्हें फोन किया, तो किसी ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद उनके भाई ने होटल मैनेजमेंट को सूचना दी। जानकारी मिलते ही होटल के मैनेजर कमरे पर गए तो पाया कि दरवाज़ा अंदर से बंद था। अधिकारियों ने बताया कि मास्टर की के जरिए होटल का कमरा खोला गया और दरवाजा खुलते ही पायलट अंदर बेसुध हालत में पाए गए।
‘ब्रॉट डेड’ हुए घोषित
फिर पायलट को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहाँ डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ (अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत) घोषित कर दिया।
सबूत इकट्ठा करने के लिए क्राइम टीम जुटी
घटना की जांच के लिए क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने होटल के कमरे की गहन जांच करते हुए मौत के हालात की पड़ताल शुरू कर दी है। घटनास्थल की जांच करने और सबूत इकट्ठा करने के लिए क्राइम टीम जुटी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 12 सितंबर को सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने बताया कि मौत का कारण फाइनल मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चलेगा। इस बीच BNSS की धारा 194 के तहत मौत की जांच की प्रक्रिया चल रही है। जांच अधिकारी मौत के हालात की पड़ताल कर रहे हैं और इसके पीछे का कारण पता लगाने में जुटे हुए हैं।
Published By : Kritarth Sardana
पब्लिश्ड 13 September 2026 at 17:01 IST