VIRAL VIDEO: 'सुनसान जगह ले जा रहा था, मैंने मारा तब भी नहीं रुका...', Rapido ड्राइवर से बचने के लिए चलती स्कूटी से कूदने वाली लड़की का फूटा गुस्सा
दिल्ली में सुरक्षा और लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने रैपिडो बाइक ड्राइवर पर उसे गलत और सुनसान रास्ते पर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया। महिला के अनुसार, जब उसने ड्राइवर से सही रास्ते पर चलने को कहा, तो उसने बात अनसुनी कर दी और गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। अनहोनी के डर से खुद को बचाने के लिए महिला को अपनी जान जोखिम में डालकर चलती बाइक से नीचे कूदना पड़ा।
- भारत
- 2 min read
दिल्ली में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। राजधानी की रहने वाली आयशा श्रीवास्तव के साथ रैपिडो राइड के दौरान एक खौफनाक घटना घटी। सुनसान रास्ते पर ड्राइवर की संदिग्ध हरकतों के चलते आयशा को अपनी जान बचाने के लिए चलती स्कूटर से कूदना पड़ा। इस हादसे में वे घायल हो गईं, लेकिन अपनी सूझबूझ और हिम्मत से उन्होंने बाकी महिलाओं के लिए एक मिसाल पेश की है।
क्या है पूरा मामला?
आयशा श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय स्थित अपने ऑफिस जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। यात्रा के दौरान ड्राइवर उन्हें तय रास्ते के बजाय एक अनजान और सुनसान मार्ग पर ले जाने लगा। आयशा को खतरे का अहसास होते ही उन्होंने तुरंत ड्राइवर से गाड़ी रोकने को कहा। उन्होंने ड्राइवर को अतिरिक्त पैसे देने का ऑफर भी दिया, लेकिन उसने स्पीड और बढ़ा दी। बचाव का कोई अन्य रास्ता न देख आयशा को चलती बाइक से कूदना पड़ा, जिससे उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
वीडियो शेयर कर दी सुरक्षा की चेतावनी
इलाज कराने के बाद आयशा ने रैपिडो ऐप पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कंपनी की ओर से कोई त्वरित प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर 1 मिनट 27 सेकंड का एक वीडियो साझा किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में आयशा ने अकेले सफर करने वाली लड़कियों और महिलाओं के लिए कुछ जरूरी सेफ्टी टिप्स साझा किए। यात्रा शुरू करते ही अपनी लोकेशन परिवार या दोस्तों के साथ जरूर साझा करें। इमरजेंसी स्थिति से निपटने के लिए बैग में हमेशा 'पेपर स्प्रे' रखें।सफर के दौरान रास्ते पर ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत एक्शन लें।
दिल्ली पुलिस का क्विक एक्शन और आरोपी की गिरफ्तारी
सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होते ही दिल्ली पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी ड्राइवर को 48 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। बाद में आयशा ने एक और वीडियो पोस्ट कर जानकारी दी कि केस अब सुलझ गया है। इस नए वीडियो में आरोपी ड्राइवर दोनों हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है। आयशा ने जनता से मिले समर्थन और दिल्ली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के लिए उनका दिल से धन्यवाद किया।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 14 August 2026 at 21:46 IST