Weather Alert: दिल्ली-NCR में तेज हवाओं से मौसम बेहाल, यूपी सहित पड़ोसी राज्यों के लिए अलर्ट जारी
Weather Alert: दिल्ली-NCR की तपती दोपहरों के बीच राहत की खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। लेकिन उत्तर प्रदेश के लिए ये खबर थोड़ी चिंताजनक हो सकती है, क्योंकि यहाँ बारिश के साथ-साथ ओले गिरने की भी प्रबल संभावना जताई गई है।
Weather Alert: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर राजस्थान और यूपी तक, चिलचिलाती गर्मी के बीच कुदरत के बदले तेवर ने लोगों को हैरान कर दिया है। शुक्रवार सुबह दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में जबरदस्त धूल भरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। अब ऐसे में आपके राज्यों में कैसा मौसम रहेगा? आइए जानते हैं।
दिल्ली-NCR में आंधी और बारिश का ट्रिपल अटैक
राजधानी दिल्ली में सुबह की शुरुआत धूल के गुबार के साथ हुई। तेज हवाओं के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह बदलाव एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण हुआ है।
आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 21°C रहने की उम्मीद है। वहीं अगले 3 दिन में मौसम विभाग ने 3, 4 और 5 अप्रैल के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। विशेष रूप से 4 अप्रैल की दोपहर को गरज-चमक के साथ तेज आंधी और शाम को बारिश की प्रबल संभावना है। राहत की बात यह है कि यह सिलसिला 8 अप्रैल तक रुक-रुक कर चलता रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की चेतावनी
यूपी के निवासियों के लिए आने वाले घंटे चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। ईरान के पास से उठ रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दिखने लगा है। राज्य में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। कई जिलों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। इससे पारे में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी, जिससे भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को सुकून मिलेगा।
बिहार में भी आंधी तुफान का खतरा
बिहार में फिलहाल मौसम स्थिर बना हुआ है, लेकिन यह 'तूफान से पहले की शांति' जैसी स्थिति है। मौसम विभाग के अनुसार आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन 5 से 7 अप्रैल के बीच स्थितियां बदलेंगी।5 अप्रैल के बाद राज्य में तेज आंधी, बारिश को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले में न निकलने की सलाह दी गई है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में मौसम अलर्ट
बीते कल कई जिलों में बारिश के साथ बड़े ओले गिरे। मौसम विभाग का कहना है कि 5 अप्रैल तक राज्य में बादल छाए रहेंगे और ओलावृष्टि का दौर जारी रह सकता है। मरुधरा में भी धूल भरी आंधी का कहर जारी है। यहां 8 अप्रैल तक बारिश और ओले गिरने की संभावना है। इस बदलाव से लू का असर फिलहाल कम हो जाएगा।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 3 April 2026 at 08:00 IST