IMD: ठंड से कांपी राजधानी, 3 डिग्री पहुंचा तापमान, कई राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी; पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा उत्तर और मध्य भारत हाड़ कंपा देने वाली ठंड की चपेट में है। दिल्ली-NCR में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। IMD ने साउथ के राज्यों में बारिश की चेतावनी भी दी है। जानें भारत में तापमान का ताजा अपडेट।
India Weather Update: पूरे उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह दिल्ली- NCR में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी दिल्ली का ये हाल है तो ऊपरी राज्यों का हाल आप समझ ही सकते हैं। पहाड़ों में पारा माइनस में बना हुआ है। इसी के साथ IMD ने चेतावनी भी दी है कि अपने दो तीन दिनों तक उत्तर भारत में यूं ही सर्दी का सितम जारी रहने वाला है।
पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तर भारत में ठंड
यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट है साथ ही कड़ाके की सर्दी भी जारी रहेगी, वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी है। बता दें शनिवार (10 जनवरी) को प्रदेश के 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
क्या कहता है IMD का अनुमान
11 जनवरी को तमिलनाडु के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश संभव है। दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 45-55 किमी/घंटा की तेज हवाएं, जो 65 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी जाती है।
एक हफ्ते तक जारी रहेगा ठंड का सितम
IMD का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 7 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं, मध्य भारत जैसे महाराष्ट्र और विदर्भ में 2-3 दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में भी 3 दिनों के बाद तापमान थोड़ा बढ़ सकता है। मौसम का यह मिजाज पूरे देश को प्रभावित कर रहा है, इसलिए सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 11 January 2026 at 08:18 IST