Weather Update: हो जाएं तैयार... दिल्ली-NCR में फिर बिगड़ेगा मौसम, आज रात गिर सकते हैं ओले; कहां-कहां बारिश का अलर्ट?

Weather Alert: दिल्ली-NCR में बारिश, ओले और आंधी का अलर्ट है। आज रात से ही मौसम फिर यू-टर्न ले सकता है। 7से 9 अप्रैल के बीच इसका प्रभाव और बढ़ेगा और देश के कई हिस्से प्रभावित होंगे।

Follow :  
×

Share


फिर बदलेगा मौसम | Image: X

IMD Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में रविवार (5 अप्रैल) की रात मौसम एक बार फिर से करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। तेज हवाओं, गरज-चमक, मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर ओले गिरने की संभावना है।

पिछले कई दिनों से गर्मी, ठंड और बारिश का अनोखा खेल चल रहा है। इस बार पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की सक्रियता की वजह से रात में अचानक मौसम बदल रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आज रात दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओले पड़ सकते हैं। दिन का तापमान 30-32 डिग्री के आसपास रहा, लेकिन रात में इसमें गिरावट दर्ज की जा सकती है। तेज हवाएं चलने से धूल भरी आंधी भी उठ सकती है।

पूरे उत्तर भारत पर असर

यह बदलाव सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 4-5 दिनों में उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में मौसम बिगड़ने वाला है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और ओले पड़ सकते हैं।

7 अप्रैल से बदलेगा मौसम

IMD के मुताबिक, अप्रैल के पहले सप्ताह में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। इनकी सबसे ज्यादा गतिविधि 7 और 8 अप्रैल के आसपास रहने की उम्मीद है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में ठंडी हवाएं चलेंगी और तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।

अप्रैल आमतौर पर गर्मी बढ़ने का महीना माना जाता है, लेकिन इस साल पश्चिमी विक्षोभ ने लोगों को थोड़ी राहत दी है। दिन के तापमान में गिरावट से गर्मी से कुछ सुकून मिलेगा। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत अस्थायी है। बारिश का सिलसिला रुकते ही तापमान फिर से चढ़ सकता है।

इस बदलते मौसम में किसानों को खास तौर पर सतर्क रहने को कहा गया है। बारिश से मिट्टी में नमी तो बढ़ेगी, लेकिन ओले सरसों, गेहूं और फलों की फसलों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

बता दें कि अप्रैल के दूसरे हिस्से में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।  

यह भी पढ़ें: दिल्ली में एक और बड़ा धमाका कर भारत को दहलाने की साजिश नाकाम, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो आतंकी गिरफ्तार
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 5 April 2026 at 23:09 IST