Delhi: कालिंदी कुंज में बीच सड़क पर युवक की चाकू गोद-गोदकर हत्या की गुत्थी सुलझी, गैंगवार में किया मर्डर, दिल दहलाने वाला CCTV फुटेज
दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में श्रीराम चौक के पास शाहिद हुसैन उर्फ चोर की सरेआम चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों करण, अबुजर, मोनू मलिक और गौरव गुम्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
- भारत
- 3 min read
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए। साउथ-ईस्ट जिले के कालिंदी कुंज इलाके में गैंगवार और पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की सरेआम चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
तिहाड़ जेल के विवाद का खौफनाक अंत
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह हत्या साल 2025 में तिहाड़ जेल के अंदर हुए एक विवाद का परिणाम थी। मृतक की पहचान शाहिद हुसैन उर्फ चोर के रूप में हुई है। आरोप है कि तिहाड़ जेल में बंद रहने के दौरान शाहिद और तरुण उर्फ रंजन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हुआ था। इसी रंजिश को दिल में पालकर तरुण और उसके साथियों ने बाहर आने पर शाहिद को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।
घटना के दिन श्रीराम चौक के पास योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों ने शाहिद को रोका और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में शाहिद को तुरंत अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चार आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी ने खोली पोल
मामले की गंभीरता को देखते हुए कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान करण उर्फ करम शाह, अबुजर, मोनू मलिक उर्फ साबिर और गौरव गुम्मा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि इन सभी की हत्या को अंजाम देने, साजिश रचने और वारदात के बाद आरोपियों को भगाने में अहम भूमिका थी।
मुख्य साजिशकर्ता सहित अन्य की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, इस खूनी खेल का मुख्य मास्टरमाइंड तरुण उर्फ रंजन सहित अमन और राजा अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए भी सबूत जुटाए जा रहे हैं। राजधानी की सड़कों पर सरेआम हुई इस हत्या ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और जेलों के अंदर पनप रहे गैंगवार के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी बचे आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें - वाराणसी पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, विस्फोट के बाद गिरी इमारत, मलबे में कई लोग दबे; 2 को रेस्क्यू कर निकाला
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 15 October 2026 at 20:05 IST