दिल्ली HC में होने वाली थी सुनवाई, वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग के लिए बैठ गए थे जज; तभी अचानक चलने लगा अश्लील वीडियो, आवाज आई- अमेरिका से हैक...
दिल्ली हाई कोर्ट की वर्चुअल सुनवाई के दौरान अचानक अश्लील वीडियो चलने लगा, जिससे कार्यवाही को तुरंत बंद करना पड़ा, जानें आपत्तिजनक वीडियो के साथ क्या चेतावनी दी गई। वीडियो में किस तरह की आवाज सुनाई दी और क्या कहा गया? जानें क्या है पूरा मामला। पढ़ें पूरी खबर।
Porn Clip Hijacks Delhi High Court: दिल्ली हाई कोर्ट की कार्यवाही के दौरान बुधवार (29 अप्रैल) को एक बेहद गंभीर और हैरान करने वाली घटना सामने आई। चीफ जस्टिस की बेंच के सामने चल रही वर्चुअल सुनवाई के बीच अचानक अश्लील कंटेंट स्ट्रीम होने लगा, जिससे कोर्ट रूम में हड़कंप मच गया। इस साइबर सेंध के चलते अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) सिस्टम को तुरंत बंद करना पड़ा।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, कोर्ट जब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक मामले की सुनवाई कर रहा था, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने सेशन में लॉग-इन किया। इस व्यक्ति ने स्क्रीन शेयरिंग फीचर का दुरुपयोग करते हुए आपत्तिजनक सामग्री चलानी शुरू कर दिया, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट अधिकारियों ने तत्काल सुनवाई रोक दी।
थोड़ी देर बाद जब सिस्टम को दोबारा शुरू किया गया, तो फिर से वही घटना दोहराई गई। इस बार आपत्तिजनक वीडियो के साथ-साथ एक ऑटोमेटेड आवाज भी सुनी गई, जिसमें आवाज आ रही थी कि, 'आपको हैक कर लिया गया है। यह यूनाइटेड स्टेट्स से हैक किया गया है, मीटिंग बंद करो।' जिसके बाद फिर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जो सुनवाई हो रही थी उसे रोका गया।
सुरक्षा को लेकर खड़े हुए बड़े सवाल
इस पूरी घटना के दौरान 'श्रीधर सरनोबत' और 'शितजीत सिंह' जैसे संदिग्ध नामों वाले अकाउंट्स का उपयोग किए गया। हालांकि, इन अकाउंट्स के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन इस ब्रीच ने वर्चुअल कोर्टरूम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कोर्ट ने एहतियातन अपने वीसी सिस्टम को ऑफलाइन कर दिया है। अभी तक यह जानकारी नहीं दी गई है कि डिजिटल सुनवाई फिर से कब बहाल होगी, लेकिन फिलहाल सभी वर्चुअल सुनवाई रोक दी गई है। कोर्ट के वर्चुअल इंफ्रास्ट्रक्चर में हुई यह घुसपैठ एक गंभीर साइबर अपराध है, जिसकी गहन जांच की जाएगी।
आगे की कार्रवाई
इस घटना ने न्यायिक कार्यवाही के डिजिटलीकरण और उसके सुरक्षा प्रोटोकॉल की कमजोरी को उजागर किया है। दिल्ली हाई कोर्ट प्रशासन इस मामले की जांच कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करेगा, ताकि भविष्य में अदालती कामकाज में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आए और न्यायिक गरिमा बनी रहे।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 29 April 2026 at 16:01 IST