CJP Protest: पथराव-तोड़फोड़ के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस, अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR
दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन के दौरान हिंसा और तोड़फोड़ मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
- भारत
- 3 min read
CJP Protest: दिल्ली में CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन के दौरान हिंसा और तोड़फोड़ मामले में दिल्ली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोमवार, 21 जुलाई को हुई हिंसा और गाड़ियों में तोड़-फोड़ को लेकर कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। FIR फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सीजेपी प्रदर्शन के बाद सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने को लेकर अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
'महिला के बाल खींचने और बच्ची पर बल प्रयोग का दावा झूठा'
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रहे उन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिनमें 'गीतांजलि' नाम की महिला और एक 12 साल की बच्ची के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि न तो किसी के बाल खींचे गए और न ही किसी को सिर में चोट आई है। इसके अलावा, प्रदर्शन के दौरान 40 से 50 अन्य लोगों के सिर फूटने की खबरों को भी पुलिस ने पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए केवल अफवाहें और गलत जानकारी फैलाई जा रही है।
CJP प्रदर्शन के दौरान मच भारी बवाल
गौरतलब है कि 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान भारी बवाल मचा। इस प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प भी हुई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस झड़प में 118 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। नीट विवाद को लेकर प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहे थे। दिल्ली पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों के बावजूद प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं थे और बार-बार दी गई चेतावनियों को भी उन्होंने नजरअंदाज कर दिया।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब भीड़ ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की और पुलिसबल पर पथराव और हमला कर दिया। इस दौरान सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद गंभीर हो गई।
DCP समेत 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल
पुलिस के मुताबिक इस हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के दौरान, ड्यूटी पर तैनात दिल्ली पुलिस और केंद्रीय पुलिस बलों के 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें स्पेशल कमिश्नर, जॉइंट कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर और डिप्टी कमिश्नर रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने अस्पताल जाकर घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की।
अबतक हिरासत में 70 प्रदर्शनकारी
पुलिस ने अब तक लगभग 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ कर हिंसा में उनकी भूमिका के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूरी घटना को लेकर FIR दर्ज की जा रही हैं। पथराव, पुलिसकर्मियों पर हमले, सरकारी वाहनों व संपत्ति में तोड़फोड़ और सरकारी काम में बाधा डालने जैसी अलग-अलग हिंसक गतिविधियों के लिए अलग-अलग मामले दर्ज किए जाएंगे। दिल्ली पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच आगे बढ़ने के साथ अगर अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आती है, तो उन्हें भी नोटिस जारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 21 July 2026 at 08:08 IST