अपडेटेड 11 February 2024 at 18:33 IST
पिछली बार से बड़ा होगा kisan andolan? 25 हजार किसान, 5000 ट्रैक्टर... 13 फरवरी को करेंगे दिल्ली कूच
Farmers Delhi March: बताया जा रहा है कि 25 हजार से अधिक किसान और लगभग 5000 ट्रैक्टर सोमवार को पंजाब और हरियाणा के विभिन्न जिलों से अपना आंदोलन शुरू करेंगे।
Kisan Andolan: देशभर के किसान एक बार फिर दिल्ली को घेरने की कोशिश करने जा रहे हैं। 13 फरवरी को किसान संगठनों ने 'दिल्ली चलो' मार्च का आह्वान किया है। ऐसी आशंकाएं हैं कि किसान संगठनों ने प्रदर्शन को लेकर पिछली बार से भी बड़ी तैयारी की है। लगभग 200 किसान संघ की तरफ से दिल्ली मार्च के तहत उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से हजारों किसानों के राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच करने की संभावना है।
केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के हवाले से एएनआई ने जानकारी दी है कि बैरिकेड्स और बोल्डर हटाने के लिए किसान फिर से ट्रैक्टर लेकर आ रहे हैं। ट्रैक्टर के जरिए ही 13 फरवरी को दिल्ली मार्च करने की योजना बना रहे किसान नेतृत्व करेंगे।
जानकारी दी है कि किसानों के बड़े आंदोलन को लेकर पंजाब, यूपी, हरियाणा और दिल्ली पुलिस को अलर्ट किया गया है। 25 हजार से अधिक किसान और लगभग 5000 ट्रैक्टर सोमवार को पंजाब और हरियाणा के विभिन्न जिलों से अपना आंदोलन शुरू करेंगे और मंगलवार को दिल्ली पहुंचेंगे।
बठिंडा से रवाना हुए किसान
पिछली बार भी किसानों ने इसी रणनीति को अपनाया था। ट्रैक्टरों के जरिए किसानों ने सारे साफ किए थे और फिर दिल्ली के चारों और डेरा डालकर बैठ गए थे।
कई महीनों तक किसानों का आंदोलन चला था। इसके चलते सरकार को भी अपने तीनों कानून वापस लेने पड़े थे। फिलहाल किसान अपनी मांगों को लेकर फिर निकल लिए हैं। बठिंडा से किसानों का जत्था दिल्ली के लिए रवाना भी हो गया है।
कई राज्यों से किसानों के आने की संभावना
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई ने जानकारी दी है कि पहले के विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिस तरह का व्यवहार और अड़ियल रुख दिखाया था, उसे ध्यान में रखते हुए किसानों/समर्थकों के अपने-अपने जिलों से ट्रैक्टर-ट्रॉली, हथियारों के साथ दिल्ली की ओर कूच करने की संभावना है। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और अन्य संभावित क्षेत्र से भी किसान आएंगे।
दिल्ली पुलिस ने किए खास बंदोबस्त
फिलहाल दिल्ली पुलिस ने भी खास बंदोबस्त किए हैं। अभी उत्तरपूर्वी दिल्ली में धारा-144 लगा दी गई है। उत्तर प्रदेश और हरियाणा के साथ लगती दिल्ली की सीमाओं को सील करने की तैयारी है। साथ में 5000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जा रहा है।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 11 February 2024 at 17:44 IST