दिल्ली से जा रहा एअर इंडिया का विमान बेंगलुरु एयरपोर्ट पर रनवे से टकराया तो मचा हड़कंप, 179 लोगों की थम गई सांसें, बाल-बाल बचे यात्री
Air India Flight Tail Strike: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होते-होते बचा। यहां लैंडिंग के दौरान एयर इंडिया के प्लेन का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिसमें 179 लोग सवार थे। एयर इंडिया का विमान दिल्ली से बेंगलुरु पहुंचा था।
Air India Flight Tail Strike: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होते-होते बचा। यहां लैंडिंग के दौरान एयर इंडिया के प्लेन का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिसमें 179 लोग सवार थे। बता दें, एयर इंडिया का विमान दिल्ली से बेंगलुरु पहुंचा था।
इसी दौरान विमान के पिछले हिस्से यानी टेल का रनवे से टकराना एक बड़ा हादसा बन सकता था। लेकिन, राहत की बात रही कि सभी 179 यात्री सुरक्षित हैं। किसी को चोट नहीं आई और पूरा घटनाक्रम बिना किसी नुकसान के खत्म हो गया।
लैंडिंग के दौरान क्या हुआ?
विमान दिल्ली से फ्लाइट नंबर AI2651 के तहत बेंगलुरु पहुंचा था। लैंडिंग के आखिरी चरण में विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। अधिकारियों के मुताबिक, यह वेक टर्बुलेंस की वजह से हुआ। ठीक उसी समय एक बड़ा मालवाहक बोइंग 747 विमान उड़ा था, जिसकी वजह से हवा में तेज भंवरें बन गईं। एयर इंडिया का ए321 विमान इन भंवरों में फंस गया। पायलट ने तुरंत गो-अराउंड का फैसला लिया, लेकिन टेल रनवे को हल्का-सा छू गया।
दिल्ली के लिए वापसी फ्लाइट रद्द
इस घटना के बाद विमान को तुरंत ग्राउंड कर दिया गया। बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी फ्लाइट AI2652 को कैंसिल कर दिया गया। एयर इंडिया की टीम ने यात्रियों को तुरंत दूसरे विमान में बैठाने की व्यवस्था शुरू कर दी। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि यात्री सुरक्षा हमेशा सबसे ऊपर है। ग्राउंड स्टाफ यात्रियों की मदद के लिए पूरी तरह सक्रिय है और उन्हें होटल या वैकल्पिक उड़ान की सुविधा दी जा रही है।
क्या है वेक टर्बुलेंस और यह क्यों खतरनाक?
बता दें, जब कोई बड़ा विमान उड़ता है तो उसके पंखों के किनारों से तेज घूमती हवा की भंवरें बनती हैं। ये भंवरें पीछे काफी देर तक रह सकती हैं। छोटे विमान अगर इनमें फंस जाए तो नियंत्रण खो सकता है। खासकर लैंडिंग और टेकऑफ के समय यह समस्या ज्यादा होती है। इसी वजह से पायलटों को सतर्क रहना पड़ता है।
एयर इंडिया फ्लाइट की जांच शुरू
हालांकि इसके बाद एयर इंडिया की एक्सपर्ट टीम अब विमान की पूरी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की इजाजत मिलेगी। कंपनी ने इस असुविधा के लिए यात्रियों से माफी भी मांगी है। अच्छी बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और जल्द ही अपने घर पहुंच सकेंगे।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 21 May 2026 at 16:20 IST