राजस्थान: विधानसभा में मंत्री की टिप्पणी को लेकर गतिरोध जारी, कार्यवाही दूसरी बार स्थगित

मंत्री अविनाश गहलोत ने शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास संबंधी प्रश्न का उत्तर देते समय विपक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा था, ‘‘2023-24 के बजट में भी आपने हर बार की तरह अपनी ‘दादी’ इंदिरा गांधी के नाम पर इस योजना का नाम रखा था।’’

Follow :  
×

Share


rajasthan assembly | Image: PTI

Rajasthan News: राजस्थान विधानसभा में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर मंत्री अविनाश गहलोत की टिप्पणी के विरोध तथा छह कांग्रेस विधायकों के निलंबन को लेकर गतिरोध सोमवार को भी जारी रहा तथा हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दूसरी बार स्थगित हुई।

विधानसभा में प्रश्नकाल शुरू होने पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित सभी छह निलंबित विधायकों के सदन में मौजूद रहने पर विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें सदन से बाहर जाने को कहा। लेकिन निलंबित विधायकों ने विरोध जारी रखा, जिसके बाद अध्यक्ष ने प्रश्नकाल शुरु होने के 13 मिनट बाद कार्यवाही को स्थगित कर दिया।

जब सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे फिर से शुरू हुई तो कांग्रेस विधायकों ने विरोध जारी रखा। हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सदन की कार्यवाही दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी और निलंबित विधायकों को सदन से बाहर निकालने के लिए मार्शल बुलाए। विपक्षी कांग्रेस विधायक शुक्रवार शाम से सदन में धरना दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मंत्री अविनाश गहलोत ने शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास संबंधी प्रश्न का उत्तर देते समय विपक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा था, ‘‘2023-24 के बजट में भी आपने हर बार की तरह अपनी ‘दादी’ इंदिरा गांधी के नाम पर इस योजना का नाम रखा था।’’

इस टिप्पणी के कारण सदन में भारी हंगामा हुआ था, जिसके कारण तीन बार कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, रामकेश मीणा, अमीन कागजी, जाकिर हुसैन, हाकम अली और संजय कुमार सहित छह कांग्रेस विधायकों को सदन से निलंबित कर दिया गया। सदन की बैठक स्थगित होने के बाद कांग्रेस विधायकों ने मंत्री से माफी मांगने और निलंबन रद्द करने की मांग करते हुए विधानसभा में धरना शुरू कर दिया।

विपक्षी कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सोमवार को विरोध प्रदर्शन करेंगे और विधानसभा का घेराव करेंगे।

यह भी पढ़ें: '...लड़कों से गलती हो जाती है', मुलायम सिंह की बात पर ब्रजेश पाठक ने ऐसा क्या बोला, सपाई भड़के; UP विधानसभा में भारी हंगामा


 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 24 February 2025 at 13:00 IST