चक्रवाती तूफान 'AKVAN' का खतरा...बंगाल की खाड़ी में हलचल, दक्षिण भारत से श्रीलंका तक दिखेगा असर

उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के पास लगभग 30 से 35 यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी।

 
Follow :
चक्रवाती तूफान 'AKVAN' का खतरा...बंगाल की खाड़ी में हलचल, दक्षिण भारत से श्रीलंका तक दिखेगा असर | Image: X

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव का क्षेत्र अब और अधिक शक्तिशाली होकर चक्रवाती तूफान 'अकवान' में तब्दील हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार (16 नवंबर 2026) शाम 5:30 बजे तक यह मौसमी सिस्टम पूरी तरह से चक्रवात का रूप ले चुका है। इस संभावित खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी कर दिया है।

तूफान की मौजूदा स्थिति और रफ्तार

दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय यह गहरा दबाव पिछले छह घंटों में 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। 16 नवंबर की शाम तक यह तूफान दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों में केंद्रित था। प्रमुख तटीय शहरों से इसकी दूरी इस प्रकार है।

चेन्नई (तमिलनाडु)- लगभग 610 किमी पूर्व
त्रिंकोमाली (श्रीलंका)- 630 किमी उत्तर-पूर्व
मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश)- 660 किमी दक्षिण-पूर्व
विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश)- 670 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व
गोपालपुर (ओडिशा)- 790 किमी दक्षिण

कब और कहां टकराएगा 'अकवान'?

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 'अकवान' लगातार उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ता रहेगा। मंगलवार (17 नवंबर) की शाम तक यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंचकर एक 'गंभीर चक्रवाती तूफान' बन सकता है। इसके बाद इसकी दिशा उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ेगी और 19 नवंबर की सुबह तक यह 'बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान' का रूप धारण कर लेगा।

इसी दिशा में बढ़ते हुए 20 नवंबर 2026 की दोपहर के आसपास इसके आंध्र प्रदेश और यनम के तटों (नेल्लोर और तुनी के बीच) से टकराने (लैंडफॉल) की प्रबल संभावना है। तट से टकराते समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो तेज झोंकों के साथ 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है।

ओडिशा में भारी बारिश और येलो-ऑरेंज अलर्ट

चक्रवात 'अकवान' का सीधा असर 18 नवंबर से ओडिशा के मौसम पर भी देखने को मिलेगा। खराब मौसम की आशंका के चलते मौसम विभाग ने बुधवार 18 नवंबर के लिए राज्य के 16 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। 19 से 21 नवंबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं।
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए दक्षिणी ओडिशा के गंजम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों को 'ऑरेंज अलर्ट' पर रखा गया है। इसके अतिरिक्त पश्चिमी ओडिशा के बरगढ़, झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ जिलों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

प्रशासन पूरी तरह सतर्क

फिलहाल भारतीय मौसम विज्ञान विभाग बंगाल की खाड़ी में सक्रिय इस तूफान की गति, तीव्रता और दिशा में होने वाले हर सूक्ष्म बदलाव पर पैनी नजर रख रहा है। पूर्वी तटीय इलाकों में संभावित जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं।

ये भी पढ़ें - उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा...ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर 100 मीटर गहरे गदेरे में गिरी यात्री बस, 20 घायल

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 17 November 2026 at 08:58 IST