अपडेटेड 23 March 2024 at 14:24 IST
मुंबई में क्राइम, चाइनीज लड़की से शादी फिर दुश्मन देश में बैठ रंगदारी...गैंगस्टर की अनसुनी कहानी
देश छोड़कर फरार हुआ कुख्यात गैंगस्टर और मोस्ट वांटेड प्रसाद पुजारी का 20 साल बाद उसके गुनाहों का हिसाब होगा।
Gangster Prasad Pujari: देश छोड़कर फरार हुआ कुख्यात गैंगस्टर और मोस्ट वांटेड प्रसाद पुजारी का 20 साल बाद उसके गुनाहों का हिसाब होगा। मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलात मिली है और प्रसाद पुजारी को मुंबई डिपोर्ट कर लिया गया है। प्रसाद पुजारी के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस तक जारी किया हुआ था। पुजारी पर मुंबई में हत्या और लोगों को धमकाने के कई आरोप दर्ज हैं। प्रसाद पुजारी मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच से बचकर चीन भाग गया था।
पुजारी के खिलाफ आखिरी केस साल 2020 में मुंबई में दर्ज हुआ था। उसने अपनी मां इंदिरा विट्ठल पुजारी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर 10 लाख रुपये की उगाही के लिए एक बिल्डर के अपहरण की साजिश रची थी। मुंबई पुलिस ने इंदिरा विट्ठल पुजारी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन उनका बेटा उनकी पकड़ से बाहर था। तो आइए प्रसाद पुजारी की पूरी क्राइम कुंडली आपको बताते हैं।
मुंबई में बोलती थी पुजारी और उसके परिवार की तूती
पुजारी ने अपराध को अपना पेशा बना लिया था। उसका परिवार भी क्रिमिनल एक्टिविटी में खूब एक्टिव था। मुंबई की गलियों पर राज करने वाला पुजारी भारत से सैकड़ों किलोमीटर दूर रहकर भी देश विरोधी गतिविधियों में शामिल था। प्रसाद पुजारी ने कुछ साल पहले शिवसेना के एक नेता चंद्रकांत जाधव पर जानलेवा हमला करवाया था। 19 दिसंबर 2019 को हुए उस हमले में चंद्रकांत की जान बच गई थी।
पुलिस से बचने के लिए चाइनीज लड़की से की शादी
कानून की पकड़ से बचने के लिए वो सरहद पारकर चीन भागा और वहीं की लड़की से शादी कर ली। जिससे उसका एक बच्चा भी है। पुजारी लुओहू जिले के शेन्जेन शहर में रहता था। पुजारी ट्रैवल वीजा पर चीन गया था। जो मई 2008 में ही खत्म हो गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मार्च 2008 में प्रसाद पुजारी को चीन में अस्थायी निवास की इजाजत मिली थी। उसकी सीमा मार्च 2012 में समाप्त हो गई थी।
2008 से चीन में था प्रसाद
जांच के अनुसार, प्रसाद विट्ठल पुजारी 2008 से चीन में अस्थायी निवास वीजा पर रह रहा था। चीन उसे मुंबई पुलिस को सौंपने के लिए सहमत हो गया। इसके बाद पुलिस की टीम शनिवार को उसे मुंबई ले आई। प्रसाद पुजारी (44) उत्तर-पूर्वी मुंबई के विक्रोली उपनगर का रहने वाला है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 23 March 2024 at 14:17 IST