प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान, तालाब में फेंकने पर भी चल रही थी सांसें... 12 साल की बच्ची से रेप केस में पोस्टमार्टम में चौंकाने वाले खुलासे
West Bengal: पश्चिम बंगाल से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 12 साल की मासूम बच्ची के साथ अगवा कर गैंगरेप और हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना के सामने आते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा भी चरम सीमा पर है।
- भारत
- 3 min read
12 Years Old Girl Gangraped And Murdered In West Bengal: पश्चिम बंगाल के बारूईपुर से एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 12 साल की मासूम बच्ची के साथ अगवा कर गैंगरेप और हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। अब इस मामले में बच्ची की शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है, जिसने हर किसी के रूह को कंपा दिया है। रिपोर्ट से पता चला है कि जब मासूम को तालाब में फेंका गया, तब भी उसकी सांसें चल रही थीं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के चौंकाने वाले खुलासे
डॉक्टरों की शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हुआ है कि दम तोड़ने से पहले मासूम ने असहनीय दर्द और टॉर्चर झेला। बच्ची के प्राइवेट पार्ट पर चोट के गहरे और गंभीर निशान मिले हैं, जो बर्बरता की कहानी बयां कर रहे हैं। मासूम के पूरे शरीर पर बेरहमी से नोचने-खरोंचने और दांतों से काटने के निशान पाए गए हैं। बच्ची के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया था या फिर उसका सिर किसी दीवार या सख्त सतह पर जोर से पटका गया था, जिससे सिर पर गंभीर चोट आई।
सबसे हैरान और परेशान करने वाली बात यह है कि बच्ची के फेफड़ों और पेट में पानी भरा हुआ मिला। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसका मतलब है कि जब उसे तालाब में फेंका गया, तब वह जिंदा थी और सांसें ले रही थी। बच्ची की मौत सिर से ज्यादा खून बहने और पानी में डूबने की वजह से हुई।
गुस्से में उबला इलाका, एक संदिग्ध की पीट-पीटकर हत्या
इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी जन-आक्रोश फैल गया है। शनिवार शाम को बच्ची लापता हुई थी और रविवार सुबह उसका शव एक स्थानीय तालाब से बरामद हुआ। शव मिलते ही हजारों की संख्या में गुस्साए लोग सड़कों पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों ने इंसाफ और आरोपियों को तुरंत फांसी देने की मांग को लेकर मुख्य सड़कों को जाम कर दिया और लोकल ट्रेनों की आवाजाही रोक दी। इस बीच, भीड़ ने वारदात में शामिल होने के शक में एक स्थानीय शख्स को पकड़ लिया और पीट-पीटकर उसकी जान ले ली। हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर भेजा गया, लेकिन उग्र भीड़ के साथ हुई झड़प में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत पाबंदियां लगा दी गई हैं और लोगों के इकट्ठा होने पर रोक है।
दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत एक्शन में आया है। बारूईपुर जिला पुलिस अधीक्षक (SP) के मुताबिक "इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की तेजी से जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।"
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पीड़ित बच्ची के पिता से फोन पर बात की है। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि मामले की पूरी निष्पक्षता से जांच की जाएगी और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
Published By : Samridhi Breja
पब्लिश्ड 6 July 2026 at 21:39 IST