अपडेटेड 16 March 2025 at 22:27 IST

उत्तर प्रदेश: मोबाइल का इस्तेमाल करने से रोकने पर नाबालिग लड़की ने आत्महत्या की

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की ने देर रात तक मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से कथित तौर पर रोकने और मां की डांट से नाराज होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

Follow :  
×

Share


प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: Representational

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की ने देर रात तक मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से कथित तौर पर रोकने और मां की डांट से नाराज होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि भदोही के चौरी थानाक्षेत्र के अमवा खुर्द गांव में रविवार सुबह यह घटना उस सामने आई, जब अर्चना पटेल (17) के दादा मानिक लाल पटेल ने उसे पंखे से लटका हुआ पाया।

पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों ने दरवाजा तोड़कर लड़की को नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चौरी थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) श्याम नारायण यादव ने बताया कि अर्चना के पिता जय कुमार पटेल गुजरात के सूरत में काम करते हैं जबकि उनकी पत्नी और चार बच्चे गांव में अपने दादा के साथ रहते हैं।

उन्होंने बताया कि अर्चना ने हाल ही में 12वीं की बोर्ड परीक्षा दी थी।

बोर्ड की परीक्षा 12 मार्च को समाप्त हुई थी।

अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर रात अर्चना की मां ने उसे ज्यादा देर तक मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने के लिए डांटा।

उन्होंने बताया कि अर्चना ने अपनी मां को परीक्षाएं खत्म होने की बात कही और डांट से नाराज होकर कमरे में चली गई।

अधिकारी ने बताया कि सुबह जब अर्चना काफी देर तक नीचे नहीं आई तो उसके दादा उसे देखने गए और उसे फंदे से लटका हुआ पाया।

उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

 

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 16 March 2025 at 22:27 IST