अपडेटेड 30 July 2024 at 20:12 IST
मौत वाले दिन हाफडे की छुट्टी, 'गुमनाम' दोस्त से मिलने का जिक्र...यशश्री हत्याकांड में अनसुलझे सवाल
Yashashri Shinde murder case: 25 जुलाई को यशश्री अपने घर से ये कहकर निकली थी कि वो अपने दोस्त के घर जा रही है। उसी दिन वो लापता हो गई थी।
Yashashri Shinde murder case: मुंबई से सटे नवी मुंबई के यशश्री शिंदे हत्याकांड में आरोपी दाऊद शेख को उरण पुलिस ने कर्नाटक के शाहपुर गुलबर्ग से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की मानें तो ये पूरा हत्याकांड एक तरफा प्यार और दाऊद की सनक का परिणाम है। यशश्री शिंदे के साथ दाऊद शेख ने जो हैवानियत की, उसे सभ्य समाज के किसी भी नागरिक की सोचने भर से भी रूह कांप जाएगी। यशश्री के जिस्म पर शायद ही कोई ऐसा हिस्सा था, जहां जख्मों के निशान नहीं मिले।
दाऊद शेख ने यशश्री के प्राइवेट पार्ट पर काफी वार किए, हाथ-पैर तोड़े, चेहरे को कुचला और फिर शव को कुत्तों के नुचने के लिए छोड़ दिया। ये हत्याकांड 2012 में दिल्ली के निर्भया कांड की याद दिलाता है। यशश्री के साथ हत्या से पहले क्या-क्या हुआ है अब उसके सबूत मिल चुके है। कुछ ऐसी CCTV फुटेज सामने आई हैं जिससे साफ हो जाएगा कि कैसे दरिंदे दाऊद ने यशश्री को मारने का प्लान पहले से ही बना रखा था। एक CCTV से पता चलता है कि दाऊद शेख ने यशश्री का पीछा किया था।
दाऊद ने किया यशश्री का पीछा?
25 जुलाई की दोपहर 2 बजकर 14 मिनट पर यशश्री सीसीटीवी में कैद हुई। काले कपड़ों में यशश्री छाता लेकर सड़क पर पैदल जाती दिख रही है। यशश्री के जाने के ठीक 8 मिनट बाद दरिंदा दाऊद उसी जगह, उसी सीसीटीवी में कैद हुआ। यहां से यशश्री 8 मिनट पहले ही निकली थी। कंधे पर बैग लेकर तेजी से चलता हुआ दाऊद उसी डायरेक्शन में गया जहां यशश्री गई थी। इन दोनों CCTV फुटेज को देखने के बाद साफ है कि दरिंदा दाऊद शेख कर्नाटक नहीं महाराष्ट्र में ही था। उसने यशश्री शिंदे का पीछा किया था।
किस दोस्त से मिलने गई थी यशश्री?
दरसल, 25 जुलाई को यशश्री अपने घर से ये कहकर निकली थी कि वो अपने दोस्त के घर जा रही है। उसी दिन से यशश्री लापता हो गई थी। जिसके बाद परेशान शिंदे परिवार पुलिस थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिसकर्मियों ने तलाश शुरू की तो 27 जुलाई को यशश्री शिंदे का शव बुरी हालत में रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में पड़ा मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैवानियत
यशश्री शिंदे के साथ हत्या से पहले कितनी हैवानियत की गई इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट से पता चला कि यशश्री को बुरी तरह मारा-पीटा गया था। इसकी हड्डियां तोड़ी गई और पत्थर से प्राइवेट पार्ट को कुचला गया। धारदार हथियार से उसके ऊपर कई बार वार किया गया था। इससे साफ है कि हत्यारे के मन में नफरत भरी थी और इसीलिए उसने यशश्री को टॉर्चर देकर मारा।
शुक्रवार को ली हाफडे की छुट्टी
पुलिस ने आरोपी दाऊद को कर्नाटक के गुलबर्गा के शाहपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई थी। 20 साल की यशश्री का शव शनिवार को करीब 2 बजे मिला और शुक्रवार दोपहर को उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस के मुताबिक, बेलापुर में काम करने वाली पीड़ित ने शुक्रवार को आधे दिन की छुट्टी ली थी। आशंका है कि उसी दिन दोपहर साढ़े तीन से शाम चार बजे के बीच उसकी हत्या की गई।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 30 July 2024 at 20:12 IST