शहजाद भट्टी गैंग पर UAPA का शिकंजा, 14 राज्यों में पहले ही हो चुकी है बड़ी कार्रवाई, जानिए नेटवर्क के आतंक का 'काला चिट्ठा'

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे बरामद किए गए। एजेंसियों का दावा है कि इन बरामदगी से नेटवर्क के सीमा-पार कनेक्शन सामने आए हैं। SBN पर भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों तथा टारगेट किलिंग से जुड़े होने का आरोप है।

 
Follow :
शहजाद भट्टी गैंग पर UAPA का शिकंजा | Image: Social Media X

जतिन शर्मा की रिपोर्ट

केंद्र सरकार ने पाकिस्तान स्थित और ISI समर्थित बताए जा रहे शहज़ाद भट्टी नेटवर्क (SBN) के खिलाफ बड़ा कानूनी कदम उठाते हुए इसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के बाद नेटवर्क के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई को और कानूनी आधार मिला है।

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब सुरक्षा एजेंसियां पहले ही SBN के खिलाफ देश के कई राज्यों में बड़े स्तर पर कार्रवाई कर चुकी हैं। गृह मंत्रालय के मुताबिक, 12 अगस्त को 14 राज्यों में एक साथ ऑपरेशन चलाकर 253 लोगों को हिरासत में लिया गया था। इस नेटवर्क के खिलाफ अब तक 80 से ज्यादा FIR और 200 से अधिक गिरफ्तारियां दर्ज की जा चुकी हैं।

IED से लेकर पाकिस्तान मार्किंग वाले ग्रेनेड तक बरामद

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे बरामद किए गए। एजेंसियों का दावा है कि इन बरामदगी से नेटवर्क के सीमा-पार कनेक्शन सामने आए हैं। SBN पर भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों तथा टारगेट किलिंग से जुड़े होने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, नेटवर्क स्थानीय लोगों को पैसे देकर पुलिस, रक्षा प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाता था और संवेदनशील जगहों पर CCTV कैमरे लगाकर निगरानी करता था।

शहज़ाद भट्टी नेटवर्क पर 14 राज्यों में एक साथ कार्रवाई

12 अगस्त के ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश में 62, हरियाणा में 52, दिल्ली में 51 और पंजाब में 44 लोगों को हिरासत में लिया गया। राजस्थान में 15, महाराष्ट्र में 8 और उत्तराखंड में 5 लोगों को हिरासत में लिया गया। कर्नाटक, गुजरात और बिहार में 3-3 तथा तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में 2-2 लोगों को हिरासत में लिया गया। दिल्ली और कर्नाटक में नई FIR भी दर्ज की गईं।

SBN से जुड़े मामलों में UAPA, BNS, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंसेज एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

नेटवर्क की साजिश नाकाम करने का अमित शाह का प्रण

17 अगस्त को गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने 14 राज्यों में समन्वित कार्रवाई कर ISI समर्थित बताए जा रहे इस नेटवर्क को ध्वस्त किया और 200 से ज्यादा ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार कर संभावित विध्वंसक हमलों की साजिश नाकाम की। अब UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किए जाने के बाद शहज़ाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई का अगला चरण शुरू हो गया है। गृह मंत्रालय की कार्रवाई इसे देश की आतंकवाद-रोधी कानूनी व्यवस्था के तहत औपचारिक रूप से सूचीबद्ध करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
 

ये भी पढ़ें: भारत सरकार का बड़ा एक्शन, शहजाद भट्टी गैंग को UAPA के तहत आतंकी संगठन घोषित किया, सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को आतंक के लिए उकसाने का आरोप

Published By : Sujeet Kumar

पब्लिश्ड 16 September 2026 at 19:36 IST