अपडेटेड 9 February 2026 at 14:39 IST
क्लास में घुसा, पहले छात्रा को मारी गोली, चंद सेकेंड बाद युवक ने खुद को किया शूट... तरनतारन के लॉ कॉलेज में खौफनाक वारदात; VIDEO
Tarn Taran Law College Shooting Case: पंजाब के तरनतारन के लॉ कॉलेज में छात्रा की क्लासरूम के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी युवक ने इस वारदात को अंजाम देने के चंद सेकेंड बाद ही खुद को भी गोली मार ली। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
Punjab, Tarantaran news: पंजाब के तरनतारन से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक लॉ कॉलेज अचानक गोलियों की आवाज से दहल उठा। क्लासरूम में एक छात्र ने पहले अपनी सहपाठी छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। फिर चंद सेकेंड में ही खुद को भी गोली मार ली। घटना से कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया।
मृतक छात्रा की पहचान संदीप कौर के तौर पर हुई है, जो नौशहरा पन्नुआ की रहने वाली थी। हमलावर छात्र का नाम प्रिंस राज बताया जा रहा है। वे गांव मलियां में रहता था।
छात्रा की हत्या कर खुद को गोली से उड़ाया
दोनों लॉ कॉलेज के स्टूडेंट थे। जानकारी के अनुसार सोमवार (9 फरवरी) सुबह कॉलेज में कक्षाएं शुरू ही हुई थी। छात्रा अपनी क्लास में पहुंची थी। तभी वहां अचानक युवक उठा और उसने छात्रा के सिर पर गोली मार दी। गोली लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद युवक ने खुद को भी शूट कर लिया।
घटना का सामने आया CCTV फुटेज
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखने मिल रहा है कि प्रिंस राज और संदीप कौर क्लास में बैठे थे। इस दौरान प्रिंस एकदम से उठा, उसने अपनी बंदूक निकाली और छात्रा के सिर में बेहद करीब से गोली मार दी। इसके बाद उसने दोबारा पिस्टल को लोड कर अपने सिर में गोली मार ली और वो वहीं पर गिर पड़ा।
DSP जगबीर सिंह ने बताया, "प्रिंस राज और संदीप कौर यहां एक लॉ कॉलेज में स्टूडेंट थे। आज सुबह प्रिंस राज ने कॉलेज के क्लासरूम में संदीप कौर के सिर में गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। महिला की मौत हो गई है। जबकि युवक की हालत गंभीर है। घटना का CCTV फुटेज मिल गया है। केस दर्ज कर लिया गया है।"
मामले की जांच में जुटी पुलिस
शुरुआती जानकारी के अनुसार आरोपी और छात्रा एक-दूसरे को जानते थे। मामले को एकतरफा प्रेम से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई। घटना के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि छात्र आखिर कॉलेज के अंदर पिस्तौल लेकर दाखिल कैसे हो गया? क्या गेट पर कोई चेकिंग नहीं हुई थी?
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 9 February 2026 at 13:41 IST