पति को छोड़ महिला ने प्रेमी संग रचा ली शादी... प्रेमी ने गला घोंट कर मार डाला, लाश के टुकड़े-टुकड़े कर सूटकेश में बंद कर हो गया फुर्र फिर...
बिहार के सिवान जिले की 20 वर्षीय प्रेमिका ने अपने प्रेमी ऋषभ कुमार सिंह के साथ रहने के लिए अपने पति और परिवार को छोड़ दिया। इसके बाद दोनों दादरा एवं नगर हवेली की राजधानी सिलवासा चले गए, जहां उन्होंने साथ रहना और शादी करना तय किया। हालांकि, शादी के कुछ ही समय बाद उनके रिश्ते में अनबन और आपसी विवाद बढ़ने लगा।
- भारत
- 3 min read
प्यार, विश्वासघात और फिर बेरहमी से हत्या यह सनसनीखेज वारदात तीन राज्यों तक फैली हुई है। बिहार के नवादा से शुरू हुई यह कहानी दादरा और नगर हवेली के सिलवासा पहुंची और फिर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आकर खत्म हुई। जिस प्रेमी के खातिर 20 साल की युवती ने अपना घर-परिवार और पति तक छोड़ दिया था, उसी प्रेमी ने उसकी जिंदगी का दर्दनाक अंत कर दिया।
पति को छोड़कर प्रेमी के संग रची नई दुनिया
बिहार के नवादा जिले रोह थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय छोटी उपाध्याय शादीशुदा थी। इसके बावजूद उसका दिल गांव के ही रहने वाले ऋषभ कुमार सिंह पर आ गया। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग इतना बढ़ा कि छोटी ने अपने पति और परिवार को छोड़ दिया। वह ऋषभ के साथ भागकर सिलवासा चली गई। वहां दोनों ने शादी रचा ली और साथ रहने लगे। हालांकि, उनके परिवार वाले इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे और छोटी को अपनाने से साफ इनकार कर चुके थे। इधर नवादा के रोह थाने में ऋषभ के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
गांव लौटने की जिद और खौफनाक हत्या
शादी के बाद सिलवासा में दोनों के रिश्ते ज्यादा दिन ठीक नहीं चले। छोटी लगातार ऋषभ पर गांव वापस लौटने का दबाव बना रही थी, जबकि ऋषभ इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे। 9 जून की सुबह दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। शाम होते-होते गुस्सा इतना बढ़ गया कि ऋषभ ने बेरहमी से छोटी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
सूटकेश में बंद लाश और दो महीने तक खामोशी
हत्या के बाद आरोपी ने खौफनाक साजिश रची। उसने शव को रस्सी से बांधा, प्लास्टिक में लपेटा और एक ट्रॉली सूटकेस में ठूंसकर बंद कर दिया। सूटकेस को कमरे के बाथरूम में रखकर वह बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। सिलवासा से भागकर वह वाराणसी आ पहुंचा, जहां अपनी पहचान छिपाकर एक कंपनी में काम करने लगा।
करीब दो महीने तक वह कमरा बंद रहा। 3 अगस्त को मकान मालिक जब दूसरे किराएदार को कमरा दिखाने पहुंचा और ताला तोड़ा, तो पूरे मामले का भंडाफोड़ हुआ। बाथरूम में रखे सूटकेस से उठती भयानक दुर्गंध ने पुलिस को वारदात की सूचना देने पर मजबूर कर दिया। सूटकेस खोलने पर छोटी का सड़ा-गला शव मिला।
नाम बदलकर वाराणसी में छिपा, एसटीएफ ने दबोचा
सिलवासा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सर्विलांस और खुफिया तंत्र की मदद से पुलिस को ऋषभ के वाराणसी में छिपे होने का सुराग मिला। यूपी एसटीएफ और सिलवासा पुलिस की संयुक्त टीम ने चांदपुर क्षेत्र स्थित 'शुभकामना रियल टेक' कंपनी पर छापेमारी की। वहां ऋषभ नाम बदलकर काम कर रहा था। पुलिस ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर ले लिया। जिस प्यार के लिए युवती ने सब कुछ दांव पर लगा दिया था, अंत में उसी प्यार ने उसकी जान ले ली।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 11 August 2026 at 20:02 IST