Pune: 'सांत्वना देने न आएं राजनेता, जब तक दरिंदे को फांसी...', पुणे रेप-मर्डर पीड़िता के पिता की सख्त अपील, हिरासत में 65 साल का आरोपी

Pune News: पुणे रेप-मर्डर मामले पर हंगामा जारी है। इस बीच पीड़ित बच्ची के पिता का बड़ा बयान आया है। उन्होंने राजनेताओं से अपील की है कि उनकी बेटी को न्याय मिलने तक कोई नेता उनके घर न आएं।

Follow :  
×

Share


पीड़िता के पिता की अपील | Image: ANI

Pune Rape-Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे में 4 साल की बच्ची के रेप-हत्या मामले पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस ने 65 साल के आरोपी को पकड़ लिया है, तब भी हंगामा जारी है। इस बीच, पीड़ित बच्ची के पिता ने नेताओं को दो टूक और कड़ा मैसेज दिया है। उन्होंने कहा कि बेटी संग दरिंदगी करने वाले को फांसी नहीं हो जाती, उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, वो किसी नेता से नहीं मिलेंगे।

पीड़िता के पिता ने की अपील

पीड़िता के पिता ने एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि कई राजनेता सांत्वना देने या मिलने के लिए आ रहे हैं। मेरी और मेरे परिवार की यही इच्छा है कि जब तक मेरी बच्ची को उचित न्याय नहीं मिल जाता, उस दरिंदे को फांसी नहीं हो जाती, तब तक कोई भी राजनेता हमारे घर हमसे मिलने न आए। यह मेरी विनम्र विनती है।

पिता ने कहा कि जब उस दरिंदे को फांसी हो जाएगी, तब ही हम राजनेताओं या अन्य लोगों से मुलाकात करेंगे। तब तक, कोई भी नेता मेरे घर संवेदना व्यक्त करने न आए।

‘या तो एनकाउंटर करें या हमें सौंप दें’

इस घटना के बाद गांव में आक्रोश फैला हुआ है। गांव वाले लगातार न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। महिलाएं कह रही है कि आरोपी को या तो फांसी दी जाए या फिर उसे हमें सौंप दें। नहीं तो उसका एनकाउंटर होना चाहिए।

क्या है मामला? 

घटना पुणे जिले के नसरापुर गांव की है। गर्मी की छुट्टियों में बच्ची अपनी नानी के घर आई हुई थी। आरोपी ने बच्ची को बहलाकर अपने पास बुलाया और फिर उसे लच देकर फुसलाया मवेशियों के बाड़े में ले गया। आरोपी ने बच्ची के साथ बर्बरता से यौन शोषण किया और फिर उसके सिर को पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी।

इस घटना से गांव में हंगामा बरप गया। घटना के विरोध में सैकड़ों लोगों ने मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित कर दिया। इस दौरान हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने काफी देर तक लोगों को समझाया और फिर रास्ता खुलवाया।

कोर्ट में इस केस की सुनवाई तेजी से होगी- CM फडणवीस

मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का भी बयान आया है। उन्होंने बताया कि मैंने कल पीड़ित के पिता से दो बार खुद बात की। मैंने उन्हें समझाया कि हमारा मकसद यह पक्का करना है कि आरोपी को मौत की सजा मिले। इसके लिए, हम हाई कोर्ट के जरिए सभी जरूरी कदम उठा रहे हैं जिससे चार्जशीट फाइल करने और केस की सुनवाई में तेजी लाई जा सके।

उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि यह पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड समय में पूरी हो जाए। हम यह पक्का करेंगे कि कोई भी ऐसी कानूनी कमी न रह जाए जिसका गलत इस्तेमाल किया जा सके। हमने पीड़ित के परिवार को लिखित भरोसा भी दिया है कि कोर्ट में इस केस की सुनवाई तेजी से होगी।

लोगों के प्रदर्शन पर सीएम फडणवीस ने कहा कि यह घटना बहुत गंभीर है और लोगों का गुस्सा होना स्वाभाविक और सही भी है। हालांकि, कुछ लोग इस स्थिति का फायदा उठाने और इसे दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। मैं पीड़ित के पिता का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने स्थिति को समझा। पुलिस कमिश्नर से बातचीत के बाद, उन्होंने अपना विरोध प्रदर्शन खत्म करने का फैसला किया। बदकिस्मती से, कुछ लोग उन्हें भी रोकने की कोशिश कर रहे थे। हमें पता है कि वे लोग कौन हैं, लेकिन हम अभी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करना चाहते।

उन्होंने आगे कहा कि हम पीड़ित के परिवार के साथ मज़बूती से खड़े हैं। हम इस बात की भी जांच करेंगे कि क्या आरोपी का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और क्या ऐसे मामलों को संभालने में पहले कोई चूक हुई थी।

फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे 7 मई तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।

यह भी पढ़ें: Delhi AC Blast Tragedy: कोई सीढ़ियों पर झुलसा तो कोई बेड पर... जिंदा जलकर कंकाल बने 9 लोग, मृतकों में डेढ़ साल का बच्चा भी शामिल

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 3 May 2026 at 14:53 IST