अपडेटेड 22 August 2024 at 20:13 IST

नाभा जेल ब्रेक का मास्टरमाइंड रमनजीत सिंह रोमी लाया गया भारत, हांगकांग से हुआ प्रत्यर्पण

नाभा जेलब्रेक के मास्टरमाइंड रमनजीत सिंह 'रोमी' को हांगकांग से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। रोमी के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्रवाई 2018 में शुरू हुई थी।

Follow :  
×

Share


Nabha jailbreak: 27 नवंबर, 2016 को पंजाब में पटियाला की नाभा जेल तोड़ने के मुख्य साजिशकर्ता रमनजीत सिंह को हांगकांग से भारत लेकर आया गया है। रमनजीत सिंह उर्फ रोमी को पंजाब पुलिस की एक टीम हांगकांग से दिल्ली लेकर पहुंची है। रोमी नाभा जेल तोड़ने के मामले में मुख्य साजिशकर्ता था, जिसमें दो आतंकवादियों समेत छह खूंखार अपराधी भाग गये थे। इस मामले में रमनजीत सिंह उर्फ रोमी को भगोड़ा घोषित किया गया था। उसके के खिलाफ 2017 में रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हुआ था।

बठिंडा के रहने वाले रमनजीत सिंह उर्फ रोमी के खिलाफ पंजाब पुलिस ने प्रत्यर्पण की कार्रवाई 2018 में शुरू की थी। उसे भारत लाने में करीब 6 साल लग गए। रोमी को एक डकैती में उसकी भूमिका के लिए हांगकांग में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के कारण इंटरपोल ने पंजाब पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दी थी। इसके बाद से उसके भारत लाने की तैयारी चल रही थी। 

अब खुलेंगे राज

रमनजीत सिंह उर्फ रोमी एक शातिर अपराधी है, जो फिल्मी तरीके से हाई सिक्योरिटी के बावजूद जेल को तोड़कर फरार हो गया था। अब जब रोमी को भारत लगाया गया है। इस मामले में उससे पूछताछ होगी, अब पूरा खुलासा होगा कि इस पूरे गेम में उसके साथ और कौन-कौन शामिल था। उस पर गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह के साथ संपर्क में होने का भी आरोप था। गुरप्रीत सिंह उन 6 अपराधियों में शामिल है, जिसे रोमी ने जेल से भगाया था। साल 2016 में नाभा जेल से भागने वाले एक गैंगस्टर विक्की गौंडर का पुलिस एनकाउंटर कर चुकी है।

ISI से जुडे तार

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने X पर बताया कि 'पंजाब पुलिस के अथक प्रयासों के बाद रोमी को न्याय के कठघरे में लाने के लिए वापस लाया गया है। वह  ISI और खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (KLF) के हरमिंदर सिंह मिंटू और कश्मीर सिंह गलवड्डी समेत अन्य फरार कैदियों के संपर्क में था।' गैंगस्टर रोधी कार्यबल (AGTF) ​​पंजाब रोमी को वापस लाया है। इसके लिए हांगकांग के अधिकारियों, CBI, गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों ने मदद की है।

ये अपराधी हुए थे फरार

रमनजीत सिंह उर्फ रोमी बठिंडा के बंगी रुलदू गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्रवाई 2018 में शुरू की गई थी। 16 अपराधियों ने 27 नवंबर, 2016 को जेल पर हमला किया था। उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिससे 6 अपराधी भागने में सफल हो गए थे। इन अपराधियों में हरजिंदर सिंह उर्फ ​​विक्की गौंडर, नीता देओल, गुरप्रीत सेखों, अमन धोतियां, आतंकवादी हरमिंदर मिंटू और कश्मीर सिंह गलवड्डी शामिल थे।

ये भी पढ़ें: निर्भया से अभया तक... रेप पीड़ित का क्यों लिखते हैं काल्पनिक नाम, उजागर हुआ तो कितनी मिलेगी सजा?

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 22 August 2024 at 19:41 IST