श्री कृष्ण की नगरी में मोहब्बत का खूनी अंत! लव मैरिज के 5 साल बाद पति ने की पत्नी की हत्या, फिर कर ली खुदकुशी, मथुरा में सन्न कर देने वाली वारदात
Mathura Crime: कृष्ण की प्रेम नगरी से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पांच साल पहले लव मैरिज करके अलग रहने वाले कपल के बीच कमरे में बात बिगड़ी। फिर पति ने पहले अपनी पत्नी को गोली मार दी और फिर खुद पर तमंचे दाग कर आत्महल्या कर ली।
- भारत
- 4 min read
Mathura Crime: उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के हाईवे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सूर्य नगर कॉलोनी में गुरुवार की रात एक पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले ले लिया था। एक पति ने अपनी ही पत्नी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली से उड़ाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे हत्याकांड और खुदकुशी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी पुलिस वहां पहुंची और दोनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर छानबीन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पांच साल पहले हुई थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक इस पूरे मामले की जड़ें एक लव मैरिज और उसके बाद के विवाद से जुड़ी हुई हैं। मृतका पोखन मध्य प्रदेश के दतिया जिले के बसई थाना क्षेत्र स्थित कंधारी गांव की रहने वाली थी। उसने करीब पांच साल पहले झांसी के रहने वाले मिथुन नाम के युवक से लव मैरिज की थी। हालांकि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच आपसी अनबन और गहरे विवाद शुरू हो गए। हालात इस हद तक बिगड़ गए कि दोनों एक-दूसरे से अलग रहने लगे थे। अलग रहने के दौरान पोखन गोंडा में एक स्पा सेंटर में काम करने लगी थी, जबकि मिथुन झांसी में रहकर अपना काम कर रहा था।
आठ दिन पहले ही मथुरा आई थी पत्नी
तनावपूर्ण रिश्तों के बीच पोखन करीब आठ दिन पहले अपनी एक सहेली रागिनी से मिलने के लिए मथुरा आई हुई थी। रागिनी यहां सूर्य नगर कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रहती है। वह एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। अपनी सहेली के पास आने के बाद पोखन ने भी उसी के साथ पार्लर पर काम करना शुरू कर दिया था। इसी बीच गुरुवार को मिथुन अपनी पत्नी पोखन से मिलने और बातचीत करने के लिए झांसी से मथुरा पहुंचा था।
कमरे में बात बिगड़ने पर चली गोली
गुरुवार की शाम जब पोखन ब्यूटी पार्लर से काम खत्म करके लौट रही थी, तब मिथुन ने उससे बात करने की कोशिश की थी। इसके बाद दोनों बातचीत करने के लिए रागिनी के कमरे पर आ गए। कमरे में बैठते ही दोनों पति-पत्नी के बीच एक बार फिर पुरानी बातों को लेकर तीखी बहस और विवाद शुरू हो गया। सहेली रागिनी ने दोनों को शांत कराने और समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन जब बात नहीं बनी तो वह उन्हें अकेला छोड़कर अपने दूसरे कमरे में चली गई। इसके बाद रात करीब नौ बजे अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज आई। गुस्से में तमतमाए मिथुन ने अपने पास रखे अवैध देशी तमंचे से पहले पोखन पर फायर झोंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद मिथुन ने उसी तमंचे को अपनी कनपटी से सटाया और खुद को भी गोली मार ली।
शुरू हुई पुलिस की कार्रवाई
धमाके की आवाज सुनते ही रागिनी और मकान मालिक तुरंत दौड़कर कमरे की तरफ देखन के लिए भागे। वहां का नजारा बेहद खौफनाक देखने को मिला। वहां पर दोनों लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े हुए थे। इस घटना से पूरी कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मकान मालिक ने बिना वक्त गंवाए तुरंत स्थानीय पुलिस को इस बात की सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स तुरंत मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने शुरू किए। मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि यह पूरी वारदात पति-पत्नी के बीच हुए गंभीर आपसी विवाद का नतीजा है। पुलिस ने दोनों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही दोनों के परिवारों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Published By : Kirti Soni
पब्लिश्ड 5 June 2026 at 12:14 IST