अपडेटेड 15 December 2023 at 15:30 IST
कर्नाटक: आदिवासी महिला को निर्वस्त्र घुमाने पर BJP ने बनाई फैक्ट फाइंडिंग कमेटी
बेलगावी में महिला के साथ हुई बर्बरता को भाजपा ने शर्मनाक बताया है। महिला को पहले निर्वस्त्र कर घुमाया गया फिर खंभे से बांध पीटा भी गया था।
Belgavi Woman Assault: बेलगावी महिला उत्पीड़न मामले को भाजपा राष्ट्रीयाध्यक्ष ने शर्मनाक बताया है और मामले की गहनता से जांच के लिए 5 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
खबर में आगे पढ़ें-
- आदिवासी महिला को घुमाया गया था निर्वस्त्र
- भाजपा की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी में कौन-कौन
- जेपी नड्डा ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
बेलगावी की घटना निंदनीय
कर्नाटक के बेलगावी में 55 साल की महिला को निर्वस्त्र कर घुमाया गया। इस घटना ने पूरे प्रदेश को ही नहीं देश को भी शर्मसार किया। महिला उत्पीड़न से सब आहत हैं और भाजपा के राष्ट्रीयाध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी इसे शर्मनाक करार दिया। भाजपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से प्रेस रिलीज कॉपी शेयर की गई है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के हस्ताक्षर हैं। इसमें लिखा है-
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कर्नाटक के बेलगावी में आदिवासी महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना की निंदा की है। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से कांग्रेस सत्ता में आई है, तब से महिलाओं के साथ होने वाले जघन्य अपराध बढ़ गया है और यह अब रोजाना हो रहा है। यह कांग्रेस के गैरजिम्मेदाराना व्यवहार को दर्शाता है। कर्नाटक उच्च न्यायालय ने मामले को स्वत: संज्ञान में लिया और महिलाओं की सुरक्षा में विफलता पर राज्य पुलिस की कड़ी आलोचना की। देखें पोस्ट-
पांच सदस्यीय समिति का गठन
प्रेस रिलीज में आगे लिखा है- इस मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इस कमेटी में श्रीमती अपराजिता सरांगी, श्रीमती सुनीता दुग्गल, श्रीमती लॉकेट चटर्जी, श्रीमती रंजीता कोली और डॉ. श्रीमती आशा लकरा का नाम शामिल है।
क्या था मामला?
कर्नाटक के बेलगावी में महिला संग कथित तौर पर मारपीट की गई थी। दरअसल महिला का बेटा एक लड़की के साथ घर छोड़कर भाग गया था। उसकी सगाई किसी और से होने वाली थी। इस कृत्य के बारे में पता चलने पर लड़की के परिवार के सदस्यों ने न्यू वंतामुरी गांव में उसके घर पर हमला किया। घर को तोड़ फोड़ दिया और इसके बाद उसकी मां (55 साल की महिला) को घसीटकर ले गए। उसे निर्वस्त्र घुमाया फिर बिजली के खंभे से बांधकर जबरदस्त पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के सिलसिले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
कोर्ट भी सख्त
कर्नाटक हाईकोर्ट ने बेलगावी में महिला को नग्न कराकर परेड कराए जाने की घटना पर नाराजगी जाहिर की। अदालत ने सवाल किया कि क्या समाज 17वीं सदी की ओर लौट रहा है? अदालत ने महिला आयोग की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए थे।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 15 December 2023 at 15:30 IST