राजा रघुवंशी मर्डर केस में मास्टरमाइंड पत्नी सोनम को मिली जमानत, जानें कोर्ट ने कौन-कौन सी शर्तें लगाई

राजा रघुवंशी मर्डर केस की मास्टरमाइंड सोनम रघुवंशी को मेघालय कोर्ट से जमानत मिल गई है। केस में पुलिस की कुछ लापरवाही भी सामने आई है। वहीं, कोर्ट ने कई सख्त शर्तें लगाई है। पढ़ें पूरी खबर।

Follow :  
×

Share


राजा रघुवंशी मर्डर केस | Image: Instagram

Raja Raghuvanshi murder Case: चर्चित 'इंदौर हनीमून मर्डर केस' में मुख्य आरोपी और मृतक राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी को मेघालय की अदालत ने बड़ी राहत दे दी है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश डी.आर. खरबतेंग ने सोनम की जमानत याचिका को स्वीकार कर लिया है। हालांकि, कोर्ट ने जमानत देते वक्त कई सख्त शर्तें भी लागू की हैं।

कोर्ट ने क्यों दी जमानत?

मीडिया रिपोर्ट्स और बार एंड बेंच की जानकारी के मुताबिक, कोर्ट ने अपने आदेश में पुलिस की गंभीर लापरवाही को आधार बनाया। कोर्ट ने पाया कि गिरफ्तारी के वक्त आरोपी को यह स्पष्ट रूप से सूचित नहीं किया गया था कि उसे बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) यानी हत्या के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया जा रहा है। साथ ही, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पेशी के दौरान सोनम का कोई कानूनी प्रतिनिधित्व (वकील) भी मौजूद नहीं था।

कोर्ट की सख्त शर्तें

सोनम को 50,000 रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के दो जमानतियों के बदले रिहाई दी गई है। इसके अलावा, कोर्ट ने जमानत के लिए कुछ शर्तें रखी हैं। शर्तों के मुताबिक, सोनम इस मामले में फरार नहीं होगी। वह किसी भी गवाह को प्रभावित नहीं करेगी और न ही सबूतों के साथ छेड़छाड़ करेगी। उसे निर्धारित तिथियों पर कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। साथ ही कोर्ट की पूर्व अनुमति के बिना वह अधिकार क्षेत्र से बाहर नहीं जा सकेगी।

हनीमून पर लेकर करवाई थी पति की हत्या

इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी और सोनम ने मई 2025 में शादी की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही, 20 मई को दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए थे। 23 मई को राजा लापता हो गए और 2 जून को सोहरा इलाके की एक गहरी खाई से उनका शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि राजा के सिर पर तेज धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। इसके बाद सोनम ने 8 जून को गाजीपुर में सरेंडर कर दिया।  

मामले में सोनम के कथित प्रेमी राज कुशवाहा समेत कुल 8 लोगों को आरोपी बनाया गया है। मेघालय पुलिस ने पिछले साल सितंबर में 790 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की थी। पुलिस अधीक्षक विवेक एस ने कहा कि कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी रहेगी। अब इस जमानत के बाद मृतक राजा रघुवंशी की मां ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए पुलिस और प्रशासन से कड़ा रुख अपनाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें: UAE ने दिया बड़ा झटका, OPEC और OPEC+ को छोड़ने का ऐलान; भारत पर असर?

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 28 April 2026 at 22:43 IST