डांट से नाराजगी, डिनर पर बुलावा और फिर मौत... बेटी ने लिव-इन पार्टनर संग मिलकर मां-पिता और बहन का किया कत्ल, चाकू से 50 वार
बेंगलुरू से एक ट्रिपल मर्डर केस सामने आया है। यहां एक 24 साल की युवती ने (टेक वर्कर) अपने लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर माता-पिता और छोटी बहन की चाकू मारकर हत्या कर दी और फिर मौके से भाग निकले।
- भारत
- 3 min read
Bengaluru: बेंगलुरु से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां एक युवती ने लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर अपने ही माता-पिता और छोटी बहन को मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चाकू मारकर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने युवती और उसके लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह श्वेता का बैंक लोन बताया जा रहा है, जिसे उसे चुकाया नहीं था। इस कर्ज को लेकर भी श्वेता और उसके परिवार के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। इसके अलावा उसने बॉयफ्रेंड संग अपने लिव-इन रिलेशनशिप के बारे में परिवार को अंधेरे में रखा था। दोनों तकरीबन एक साल से ज्यादा लंबे समय से रिश्ते में थे।
30 लाख के लोन पर परिवार से हुई बहस
जानकारी के मुताबिक, श्वेता और केनेथ क्लासमेट थे। इसके अलावा दोनों एक प्राइवेट कंपनी में टेक प्रोफेशनल के तौर पर काम करते थे। ऐसे में दोनों वर्क फ्रॉम होम थे। कपल ने दो महीने पहले ही साई ग्रीन अपार्टमेंट में किराए पर घर लिया था। पहले तो श्वेता ने घरवालों से अपने लोकेशन छिपाई, लेकिन बाद में किसी कारण बताना पड़ गया। इसी दौरान मां को पता चला की उनकी बेटी श्वेता ने बैंक से कथिततौर पर 30 लाख रुपये का लोन लिया था। मासिक किस्तें नहीं चुका पाने के चलते बैंक के नोटिस उसके पिता के घर पर भेजे गए थे।
डिनर के बहाने बुलाकर कर दिया कत्ल
बताया जा रहा है कि मां मुथुलक्ष्मी ने बेटी को अपने घर बुलाया। श्वेता इस दौरान अकेले नहीं बल्कि अपने बॉयफ्रेंड के साथ पहुंची, जिस पर मां बुरी तरह भड़क गई। उन्होंने श्वेता को डांटा और समझाया भी। लेकिन मां की डांट से नाराज श्वेता के सिर पर 'बदला' लेना का खून सवार हो गया। इसके बाद उसने अपनी मां-पिता और बहन को अपने किराये वाले घर पर डिनर के बहाने से बुलाया और साजिश के तहत चाकू घोंपकर तीनों की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों बाइक से फरार हो गए। मृतकों की पहचान 55 साल के सोमसुंदर (पिता), 48 साल की मुथुलक्ष्मी (मां) और 20 साल की सुप्रिया (बहन) के रूप में हुई है।
तीनों को खून से लथपथ देख पुलिस स्तब्ध
मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को खून से लथपथ देखकर स्तब्ध रह गई। पोस्टमार्टम जांच में तीनों पीड़ितों के शरीर पर 30 से 40 बार चाकू से वार के निशान मिले।
वारदात को लेकर क्या बोली पुलिस?
बेंगलुरू पुलिस कमिश्नर सीमंत कुमार सिंह ने बताया, 'केआर पुरम पुलिस स्टेशन के इलाके में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या हुई है जिसमें मां, पिता और बेटी शामिल हैं। मालूम हुआ कि बड़ी बेटी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर इन हत्याओं को अंजाम दिया।'
उन्होंने आगे कहा, 'मृतक पिता ने मरने से पहले एक बयान दिया था, जिसके आधार पर सीसीटीवी फुटेज और दूसरे तकनीकी सबूतों के साथ मामले की जांच की जा रही है।' पुलिस ने श्वेता और उसके बॉयफ्रेंड केनेथ को दबोच लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ करने में जुट गई है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 24 June 2026 at 12:31 IST