अपडेटेड 14 February 2026 at 21:51 IST
दिल्ली में गैंगवार! गोगी गैंग के गुर्गे साहिल की रोहिणी में गोली मारकर हत्या, टिल्लू ताजपुरिया गैंग पर शक
Delhi News : दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 17 में गैंगवार की नई कड़ी सामने आई है। शाम करीब 7 बजे एक कुख्यात बदमाश साहिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, साहिल गोगी गैंग से जुड़ा था और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के शूटरों पर हत्या का शक है।
Delhi Crime News : दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 17 में एक कुख्यात बदमाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे के आसपास हुई, जब अज्ञात हमलावरों ने बदमाश पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतक की पहचान साहिल के रूप में हुई है, जो गोगी गैंग से जुड़ा हुआ था।
टिल्लू ताजपुरिया गैंग ने दिया अंजाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, साहिल पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे, जिसमें हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि टिल्लू ताजपुरिया गैंग के शूटरों ने इस हत्या को अंजाम दिया। दोनों गैंगों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की खूनी लड़ाई चल रही है, जिसमें अब तक कई सदस्य मारे जा चुके हैं।
दोनों गैंग में सालों पुरानी दुश्मनी
गोगी गैंग और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के बीच दुश्मनी कई साल पुरानी है। सितंबर 2021 में रोहिणी कोर्ट परिसर में दिन दहाड़े जितेंद्र मान उर्फ गोगी की हत्या कर दी गई थी। हमलावर वकीलों के भेष में आए थे और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के निर्देश पर यह वारदात अंजाम दी गई। इसके बदले में मई 2023 में तिहाड़ जेल में टिल्लू ताजपुरिया की क्रूर हत्या कर दी गई। गोगी गैंग के सदस्यों ने उसे कई बार चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। टिल्लू ताजपुरिया के शरीर पर महज 15 मिनट में करीब 90 घाव कर दिए थे।
इसके बाद से दोनों गैंगों के बीच बदले की कार्रवाई जारी है। समय-समय पर गोलीबारी, हत्याएं और साजिशें सामने आती रहती हैं। पुलिस ने कई बार दोनों गैंगों के सदस्यों को गिरफ्तार किया है और साजिशों को नाकाम भी किया है, लेकिन गैंगवार पूरी तरह थमा नहीं है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 14 February 2026 at 21:51 IST