बदला लेना था तो मेरे से लेती, बेटे को क्यों मारा...थाने में 'कातिल' बीवी को देख बिफर पड़ा वेंकट
शनिवार को गोवा के कलंगुट पुलिस स्टेशन में सूचना सेठ और उसके पति वेंकट रमन का आमना सामना हुआ।
- भारत
- 3 min read
Goa Murder Case: शनिवार को गोवा के कलंगुट पुलिस स्टेशन में सूचना सेठ और उसके पति वेंकट रमन का आमना सामना हुआ। इस बीच दोनों में जमकर बहस हुई। सूचना को देखते ही वेंकट आग बबूला हो गए। उन्होंने चिल्लाते हुए सूचना से कहा, 'तुमने मेरे बेटे को क्यों मारा? बदला ही लेना था, तो मेरे से ले लेती, मेरे बच्चे की हत्या क्यों कर दी?
वेंकट ने दर्ज कराया बयान
चार साल के बेटे की हत्या की आरोपी व एआई-आधारित एक स्टार्टअप कंपनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सूचना सेठ के पति ने शनिवार को गोवा पुलिस को बताया कि सेठ ने उन्हें पिछले पांच रविवार से बेटे से नहीं मिलने दिया।
वेंकट रमन अपना बयान दर्ज कराने के लिए दोपहर बाद बेंगलुरु से जांच अधिकारी (आईओ) परेश नाइक के पास पहुंचे। पुलिस के अनुसार, सेठ ने उत्तरी गोवा के कैंडोलिम में एक सर्विस अपार्टमेंट में अपने बेटे की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसका शव एक बैग में रखा और बेंगलुरु वापस जाने के लिए टैक्सी ली, लेकिन उसे आठ जनवरी को कर्नाटक के चित्रदुर्ग में बीच रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया गया।
अब बेटे के बिना जीना होगा
रमन ने हालांकि, मीडिया से बात नहीं की, लेकिन उनके वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल दुख के चलते कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं। वकील ने संवाददाताओं से कहा, "वह (मुवक्किल) अपने बेटे के लिए मर सकते हैं लेकिन अब उन्हें उनके बिना जीना होगा।" उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि हत्या किस वजह से हुई और केवल सेठ ही बता पाएगी कि उसने ऐसा कृत्य क्यों किया।
शादी के 8 साल बाद हो गया था सूचना-वेंकट का तलाक
वकील ने कहा, "अपराध का कारण सिर्फ एक अनुमान है। शायद वह नहीं चाहती थी कि बच्चा अपने पिता से मिले या भावनात्मक जुड़ाव रखे।" उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से बेंगलुरु की एक पारिवारिक अदालत में बच्चे की अभिरक्षा की लड़ाई चल रही थी। वकील ने कहा, "शुरुआत में अदालत ने पिता को बच्चे से फोन पर या वीडियो कॉल के जरिए बात करने की इजाजत दी थी। नवंबर में अदालत ने पिता को बच्चे से घर पर मिलने की इजाजत दे दी थी।"
उन्होंने दावा किया, "सूचना सेठ ने जोर देकर कहा था कि पिता को अपने बेटे से किसी कैफे जैसे बच्चों के अनुकूल माहौल में मिलना चाहिए। रमन को 7 जनवरी को बेंगलुरु में अपने बेटे से मिलना था। वह सुबह 10 बजे घर गए और 11 बजे तक इंतजार किया। उन्होंने सूचना को संदेश भेजा लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।' वकील ने बताया कि सेठ और रमन ने 2010 में शादी की थी और आठ साल बाद तलाक के लिए अर्जी दी।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 14 January 2024 at 18:17 IST