अपडेटेड 11 May 2024 at 12:19 IST
बंधे हाथ, रेता गया गला...दिल्ली के पॉश इलाके में जानेमाने डॉक्टर की हत्या; किचन में मिली लाश
दिल्ली के पॉश इलाके जंगपुरा में जानेमाने डॉक्टर की हत्या से सनसनी मच गई है। मृतक की पहचान डॉक्टर योगेश चंद्र पॉल के रूप में हुई है।
Delhi Crime: दिल्ली के पॉश इलाके जंगपुरा में जानेमाने डॉक्टर की हत्या से सनसनी मच गई है। मृतक की पहचान डॉक्टर योगेश चंद्र पॉल के रूप में हुई है। वो पेशे से जनरल फिजिशियन थे। डॉ. योगेश का शव उनके घर के किचन में मिला। उनके हाथ बंधे हुए थे और धारदार हथियार से गला रेता गया था।
पुलिस ने शुरुआती जांच में घर में लूट की भी आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि मृतक चन्द्र पॉल की पत्नी नीला पॉल दिल्ली सरकार में डॉक्टर हैं। पुलिस ने क्राइम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए।
जंगपुरा में अपना क्लीनिक चलाते थे योगेश
पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि बुजुर्ग डॉक्टर योगेश चन्द्र पॉल अपने परिवार के साथ जंगपुरा के सी-14 के अपर ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे। डॉ. योगेश फिजिशियन थे और जंगपुरा में अपना क्लीनिक चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी नीना पॉल और दो बच्चे शामिल हैं। पत्नी नीना डॉक्टर हैं और दिल्ली सरकार के अस्पताल में कार्यरत हैं।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम को डॉक्टर पॉल की पत्नी अस्पताल से घर लौटीं तो उन्होंने अपने पति का शव रसोई में पड़ा पाया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले करीब 3 से 4 लोग थे। आरोपियों को डॉक्टर के घर में अकेले होने की जानकारी थी। ऐसे में पुलिस आशंका जता रही है कि वारदात को करीबी ने अंजाम दिया है।
जाफराबाद इलाके में युवक की गोली मारकर हत्या
वहीं, दूसरी ओर दिल्ली के जाफराबाद इलाके में शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे 34 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात जाफराबाद के गली नंबर 6, चौहान बांगर की है। मृतक युवक की पहचान नाजिम के रूप में हुई है। मृतक नाजिम पर दिल्ली और यूपी में हत्या, लूट और एनडीपीएस एक्ट समेत 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 11 May 2024 at 12:13 IST