अगवा किया, मारापीटा और लूटने के बाद पुल से नदी में फेंक दिया...देहरादून में इंजीनियर के साथ खौफनाक वारदात; VIDEO में दिखा खून से लथपथ
देहरादून में आईटी पार्क से लौट रहे इंजीनियर को बदमाशों ने रास्ते में अगवा कर लिया, फिर उसके साथ लूट की और उसे बहुत मारा-पीटा। इसके बाद क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए युवक को पुल से नीचे नदी में फेंक दिया, ताकि उसकी मौत हो जाए। जानें रीढ़ की हड्डी टूटने के बाद भी युवक की जान कैसे बची। पढ़ें पूरी खबर
- भारत
- 2 min read
Dehradun Crime News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक हैरान और परेशान कर देने वाली वारदात सामने आई है। शहर में कानून-व्यवस्था और नाइट पेट्रोलिंग के दावों के बीच, बदमाशों ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को अगवा कर न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि उसे जान से मारने की नीयत से पुल से नीचे फेंक दिया। इस घटना ने शहर के पॉश इलाकों में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से किया अगवा
मिली जानकारी के मुताबिक, 23 साल का सॉफ्टवेयर इंजीनियर आकाश आईटी पार्क में अपनी कंपनी से रात करीब 2 बजे ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह सहस्त्रधारा क्रॉसिंग के पास पहुंचा, घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उसे अगवा कर लिया। बदमाशों ने आकाश के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसका मोबाइल और बाकी सामान लूट लिया।
पुल से नीचे फेंक कर हुए फरार
लूटपाट के बाद आरोपी आकाश को जमुनवाला इलाके में ले गए। वहां बदमाशों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसे जामुनवाला पुल से नीचे नदी में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। पुल से गिरने के कारण आकाश की रीढ़ की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर हो गया, जिससे वह हिल-डुल भी नहीं पाया और पूरी रात दर्द में चीख चिखकर मदद मांगता रहा।
पूरी रात दर्द से कराहता रहा युवक
रीढ़ की हड्डी टूटने के कारण आकाश चल नहीं पा रहा था। वह कड़कड़ाती ठंड और असहनीय दर्द के बीच रातभर पत्थरों पर घिसटता रहा और मदद के लिए गुहार लगाता रहा। शनिवार (9 मई) सुबह जब एक स्थानीय पंडित जी वहां से गुजरे, तो उन्होंने आकाश को घायल अवस्था में देखा। इसके बाद पास ही मौजूद सैन्य जवानों की मदद से आकाश को रेस्क्यू किया गया और अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल युवक का इलाज चल रहा है, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 9 May 2026 at 14:02 IST