Delhi Crime: गोलियों की तड़तड़ाहट से कांपी दिल्ली, दयालपुर में घात लगाकर बैठे 3 बदमाशों ने युवक पर की अंधाधुंध फायरिंग

Delhi Crime News: दिल्ली के दयालपुर (नेहरू विहार) इलाके में शाम 6 बजे तीन बदमाशों ने राशिद नाम के युवक पर गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 
Follow :
Delhi Crime | Image: freepik

Delhi Crime: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना अंतर्गत नेहरू विहार इलाके में आज शाम बदमाशों ने खुलेआम खूनी खेल खेला। शाम के समय घात लगाकर बैठे तीन हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को अपना निशाना बनाया और उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।

पुलिस के अनुसार, दयालपुर थाने को शाम करीब 6:10 बजे नेहरू विहार इलाके में गोलीबारी होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोग घायल युवक को अस्पताल ले जा चुके थे।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम 

मृतक की पहचान राशिद के रूप में हुई है। तीन हमलावरों ने राशिद को घेरकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। गंभीर रूप से घायल राशिद को तुरंत इलाज के लिए GTB अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इस सरेआम हुई हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

कोंडली के डीडीए पार्क में मामूली टक्कर के बाद चाकूबाजी

वहीं, पूर्वी दिल्ली के कोंडली (मयूर विहार फेज-3) इलाके से भी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। डीडीए पार्क (DDA Park) में घूमने गए एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

रविवार तड़के करीब 12:03 बजे पुलिस को एक पीसीआर (PCR) कॉल के जरिए सूचना मिली कि कोंडली के डीडीए पार्क में एक युवक घायल और खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के दोस्तों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन नाबालिग आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें:  'मेरे भाई की हत्या फैजल खान ने कराई, मैं सनातनी हिंदू हूं... ', जेल से छूटते ही रौशन आनंद ने खान सर पर किए ताबड़तोड़ हमले
 

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 15 June 2026 at 22:31 IST