अपडेटेड 8 March 2025 at 14:11 IST
कर्नाटक में इजरायली पर्यटक समेत 2 महिलाओं से गैंगरेप, 3 दोस्तों को नहर में फेंका; केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
हम्पी में इजराइली पर्यटक समेत दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
Karnataka News: हम्पी के पास सनापुर झील के किनारे बृहस्पतिवार रात 27 वर्षीय इजराइली पर्यटक समेत दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यहां एक ‘होमस्टे’ में इजराइल की एक नागरिक और तीन अन्य पुरुष पर्यटक ठहरे हुए थे। यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे उस समय हुई जब रात्रि भोजन के बाद होमस्टे संचालक 29 वर्षीय महिला, इजराइली नागरिक और तीनों पुरुष पर्यटक झील के किनारे बैठकर संगीत सुन रहे थे। इसने बताया कि पुरुष पर्यटकों में से एक अमेरिका से था, जबकि अन्य ओडिशा और के महाराष्ट्र निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, अपनी शिकायत में होमस्टे संचालक ने आरोप लगाया कि जब वे सनापुर झील के पास थे और संगीत सुन रहे थे, तो मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन लोग उनके पास आए और पूछा कि उन्हें पेट्रोल कहां मिलेगा। जब उसने उन्हें बताया कि आसपास कोई पेट्रोल पंप नहीं है, तो आरोपियों ने 100 रुपये मांगे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जब महिला ने और पर्यटकों ने उन्हें रुपये देने से इनकार कर दिया, तो कन्नड़ और तेलुगु बोलने वाले आरोपियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद उन्होंने तीनों पुरुष पर्यटकों को झील में धक्का दे दिया और महिला तथा इजराइल की पर्यटक के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि पुरुष पर्यटकों में से दो घायल हो गए और ओडिशा निवासी एक पर्यटक लापता बताया जाता है।
पुलिस के अनुसार, गंगावती ग्रामीण थाने में शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत जबरन वसूली, जान से मारने या गंभीर चोट पहुंचाने की मंशा से लूट या डकैती, हत्या के प्रयास और सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। दोनों महिलाओं का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
अधिकारियों ने कहा, ‘‘पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्धों की पहचान कर ली है। छह टीम गठित की गई हैं और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’
यह भी पढ़ें: 'होली एक बार, जुमे साल में 52 बार', संभल CO के बयान पर अखिलेश यादव भी भड़के; कहा- भेदकारी BJP के राज में...
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 8 March 2025 at 14:11 IST