मंदिर के बाहर गलती से बदली गई चप्पल, 4 दबंगों ने 18 साल के समीर की पीट-पीटकर करदी हत्या

नागपुर में रामनवमी पूजा के दौरान मंदिर के बाहर गलती से किसी और की चप्पल पहन लेने के विवाद में 18 साल के समीर ध्रुव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शराब के नशे में चार युवकों ने ईंटों और लाठियों से हमला किया।

Follow :  
×

Share


मंदिर के बाहर चप्पल बदलने पर हत्या | Image: GROK AI

Nagpur News : महाराष्ट्र में एक बेहद छोटी-सी गलतफहमी युवक की जान ले बैठी। नागपुर जिले में रामटेक तालुका के सोनेघाट इलाके में 18 साल के युवक की भट्ठे पर ईंटों और लाठियों से पिटाई करके हत्या कर दी गई। मृतक युवक की पहचान समीर राजू ध्रुव के रूप में हुई है। वह छत्तीसगढ़ के बड़ौदाबाजार जिले का रहने वाला था।

यह बेहद ही दिल दहला देने वाली घटना एक बेहद मामूली और बचकानी गलतफहमी को लेकर हुई। आरोप है कि मंदिर के बाहर गलती से चप्पल बदलने के बाद हुए विवाद में चार आरोपियों ने युवक की निर्मम हत्या करदी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

26 मार्च को रामनवमी के अवसर पर समीर समेत कुछ युवक रामटेक गढ़मंदिर में दर्शन करने गए थे। पूजा के दौरान युवकों में से एक ने अनजाने में मंदिर के बाहर रखे किसी अन्य व्यक्ति की चप्पल पहन ली। अगले दिन जब इस गलती का पता चला, तो युवकों के बीच बहस शुरू हो गई।

ईंट और लाठियों से पीटा

यह मामूली विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और रविवार देर रात तक इतना उग्र हो गया कि चार युवक शराब के नशे और गुस्से में आकर ईंटों व लाठियों से लैस होकर समीर पर टूट पड़े। हमले में समीर को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे रामटेक उप-जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चारों आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा और प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बेहद तेजी दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के अंदर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

इस घटना ने पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैला दिया है। लोग इस बात पर हैरान हैं कि मंदिर जैसे पवित्र स्थान पर हुई एक छोटी-सी गलतफहमी इतनी बड़ी त्रासदी में कैसे बदल गई। कई लोगों का कहना है कि शराब और युवाओं में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति इस तरह की घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है।

ये भी पढ़ें: "खेड़ा को मैं पेड़ा बना दूंगा...", पत्नी पर लगे आरोपों पर भड़के असम CM हिमंता, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को दे चेतावनी

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 7 April 2026 at 13:38 IST